Edinbox Hindi

सीबीएसई का कदम: छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन पर प्रशिक्षित होंगे स्कूल काउंसलर

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। बोर्ड ने मंगलवार से ‘प्रोजेक्ट मेट’ (Mind Activation Through Education) नामक ऑफलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसके माध्यम से स्कूल काउंसलर और वेलनेस शिक्षक छात्रों की मनोवैज्ञानिक जरूरतों को पूरा करने की तकनीक सीखेंगे।

दिल्ली एम्स के सहयोग से पांच दिवसीय प्रशिक्षण
यह पांच दिवसीय कार्यक्रम 26 अगस्त से 30 अगस्त तक चलेगा। प्रोजेक्ट मेट एम्स दिल्ली द्वारा विकसित एक किशोर कल्याण पहल है। कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर के सीबीएसई से संबद्ध लगभग 50 स्कूल काउंसलर भाग ले रहे हैं।

कार्यशाला का संचालन मनोचिकित्सा, मनोविज्ञान और संचार के विशेषज्ञ कर रहे हैं। सत्रों में मानसिक स्वास्थ्य के मॉडल, पोषण, पारिवारिक और सामाजिक भूमिकाएं, चिंता और तनाव प्रबंधन, परामर्श तकनीक, तथा डिजिटल वेलनेस जैसे विषय शामिल होंगे।

कार्यक्रम के उद्देश्य और महत्व
सीबीएसई चेयरमैन राहुल सिंह ने कहा कि आज स्वास्थ्य और शिक्षा को समग्र रूप से जोड़ना समय की मांग है। प्रोजेक्ट मेट काउंसलरों और शिक्षकों को ऐसे उपकरण उपलब्ध कराएगा, जिनसे वे छात्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से हल कर सकेंगे।
सीबीएसई सचिव हिमांशु गुप्ता के अनुसार, यह पहल छात्रों को तनाव, चिंता और अकेलेपन जैसी चुनौतियों से निपटने में मददगार साबित होगी।

मानसिक स्वास्थ्य को सामान्य बनाने पर जोर
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में एम्स निदेशक प्रो. डॉ. एम. श्रीनिवास, सीबीएसई चेयरमैन राहुल सिंह, सीबीएसई सचिव हिमांशु गुप्ता, एम्स डीन ऑफ एकेडेमिक्स प्रो. डॉ. के.के. वर्मा और एम्स मनोचिकित्सा विभाग के प्रो. डॉ. नंद कुमार मौजूद रहे।

डॉ. श्रीनिवास ने कहा कि यह प्रोजेक्ट वर्तमान समय के छात्रों के लिए अत्यंत आवश्यक है। वहीं डॉ. नंद कुमार ने जोर दिया कि मानसिक स्वास्थ्य को सामान्य स्वास्थ्य का हिस्सा माना जाना चाहिए, और प्रारंभिक स्तर पर स्कूल आधारित काउंसलिंग बच्चों के समग्र विकास की कुंजी है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, सामाजिक और पारिवारिक भूमिकाएं तथा सकारात्मक परामर्श जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed