Edinbox Hindi

शिक्षा मंत्रालय ने NMMSS छात्रवृत्ति योजना के लिए बढ़ाई पंजीकरण की अंतिम तिथि, अब 31 अक्तूबर तक आवेदन

शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन सह मेरिट छात्रवृत्ति योजना (NMMSS) के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के मेधावी छात्र राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (scholarships.gov.in) पर आवेदन कर सकते हैं।

इस बार आवेदन प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। चयनित छात्रों को सबसे पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) करना होगा, जिसके बाद वे अपनी पसंदीदा छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन कर सकेंगे। मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग की इस योजना के अंतर्गत हर वर्ष कक्षा 9 के योग्य छात्रों को एक लाख नई छात्रवृत्तियां प्रदान की जाती हैं।

योजना का उद्देश्य
आधिकारिक नोटिस के अनुसार, इस छात्रवृत्ति का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर तबके के मेधावी छात्रों को कक्षा 8 के बाद पढ़ाई छोड़ने से रोकना और उन्हें कक्षा 12 तक शिक्षा पूरी करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

छात्रवृत्ति की अवधि और राशि
– छात्रवृत्ति कक्षा 10 से 12 तक जारी रहती है और हर वर्ष नवीनीकृत होती है।
– केवल राज्य सरकार, सरकारी सहायता प्राप्त और स्थानीय निकाय के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र ही पात्र हैं।
– चयनित छात्रों को प्रति वर्ष ₹12,000 की आर्थिक सहायता मिलती है।
– यह राशि DBT मोड के जरिए सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।

पात्रता मानदंड
– अभ्यर्थी के माता-पिता की वार्षिक आय ₹3.50 लाख से कम होनी चाहिए।
– कक्षा 7 में कम से कम 55% अंक प्राप्त करने वाले छात्र पात्र हैं।
– एससी और एसटी छात्रों को 5% अंकों की छूट दी गई है।

आवेदन सत्यापन की प्रक्रिया
स्तर-1 (L1): सत्यापन संस्थान नोडल अधिकारी (INO) द्वारा।
स्तर-2 (L2): सत्यापन जिला नोडल अधिकारी (DNO) द्वारा।

इस वर्ष INO स्तर पर अंतिम तिथि 15 अक्तूबर और DNO स्तर पर 31 अक्तूबर तय की गई है।

आवेदन करने की प्रक्रिया
– scholarships.gov.in पर जाएं।
– नए छात्रों के लिए One Time Registration (OTR) करें।
– व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण और बैंक विवरण दर्ज करें।
– OTR पूरा होने के बाद लॉगिन करें।
– National Means-cum-Merit Scholarship (NMMSS) योजना चुनें।
– आवश्यक दस्तावेज (आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, स्कूल प्रमाणपत्र आदि) अपलोड करें।
– सभी विवरण जांचने के बाद Submit करें।
– आवेदन की प्रिंटआउट (Acknowledgment) सुरक्षित रखें।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed