Edinbox Hindi

एआई टूल Delphi-2M: भांप सकता है 10 साल बाद होने वाली 1,000 से ज्यादा बीमारियों का खतरा

कई बातें जो हमने अब तक फिल्मों में देखी हैं, अब हकीकत बनती दिखाई दे रही हैं। विशेषज्ञों ने एक ऐसा एआई टूल पेश किया है जो 1,000 से ज्यादा बीमारियों का खतरा भांप सकता है और अगले 10 साल या उससे भी आगे का पूर्वानुमान देकर लोगों को सतर्क कर सकता है। इसे यूरोप के विशेषज्ञों ने विकसित किया है और लगभग 23 लाख लोगों के हेल्थ डेटा पर प्रशिक्षण दिया गया है। मेडिकल क्षेत्र में इसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

लाखों लोगों के डेटा से प्रशिक्षित
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस टूल को यूरोपियन मॉलिक्यूलर बायोलॉजी लेबोरेटरी, जर्मन कैंसर रिसर्च सेंटर और कोपेनहेगन यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों ने मिलकर बनाया। ट्रेनिंग के लिए यूके बायोबैंक स्टडी के 4 लाख लोगों और डेनिश नेशनल पेशंट रजिस्ट्र्री के 19 लाख मरीजों का डेटा इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा, इसे लार्ज लैंग्वेज मॉडल जैसी एल्गोरिथम तकनीक से प्रशिक्षित किया गया है।

कई बीमारियों का पूर्वानुमान
गार्जियन की रिपोर्ट में विशेषज्ञ टोमास फिट्जगेराल्ड के हवाले से बताया गया है कि यह एआई मॉडल बीमारियों के होने के पैटर्न को समझता है और भविष्यवाणी करता है। यह कैंसर, डायबिटीज़, हृदय रोग, सांस की बीमारी और अन्य बीमारियों के होने की संभावना बता सकता है।

टूल का नाम और काम करने का तरीका
इस टूल का नाम Delphi-2M है। यह किसी व्यक्ति की मेडिकल हिस्ट्री, उम्र, जेंडर, मोटापा, आदतें जैसे धूम्रपान या शराब पीना आदि देखकर अगले 10 साल या उससे आगे की बीमारी का पूर्वानुमान देता है। एआई परिणाम को प्रतिशत और वर्षों के हिसाब से बताता है।

सभी के लिए मुफ्त उपलब्ध
रिपोर्ट्स के अनुसार, आने वाले साल में यह टूल सभी के लिए मुफ्त उपलब्ध होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि भविष्य में डॉक्टर ऐसे एआई टूल का इस्तेमाल मरीजों की जान बचाने, समय पर अलर्ट देने और सावधानियां बरतने में करेंगे। यह टूल वजन कम करने, धूम्रपान छोड़ने जैसी व्यक्तिगत सलाह भी प्रदान करेगा और हर व्यक्ति की मेडिकल हिस्ट्री के अनुसार खास सुझाव देगा।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed