Edinbox Hindi

प्रोफेसर बालाराम पाणि को मिलेगा डॉ. अंबेडकर नेशनल अवार्ड 2025

दिल्ली विश्वविद्यालय के डीन ऑफ कॉलेजिज और भास्कराचार्य कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंस के पूर्व प्रिंसिपल प्रोफेसर बालाराम पाणि को वर्ष 2025 का डॉ. अंबेडकर नेशनल अवार्ड प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान 6 दिसंबर 2025 को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर दिल्ली में आयोजित समारोह में दिया जाएगा।

यह पुरस्कार फोरम ऑफ एकेडेमिक्स फॉर सोशल जस्टिस की ओर से घोषित किया गया है। चयन प्रक्रिया के लिए गठित ज्यूरी (प्रो. के.पी. सिंह, डॉ. के. योगेश, प्रो. जय गोपाल शर्मा, प्रो. हरिओम दहिया और वरिष्ठ पत्रकार डॉ. बलवान सिंह) ने प्रो. पाणि के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे फोरम के चेयरमैन डॉ. हंसराज सुमन ने स्वीकृत किया।

पुरस्कार के अंतर्गत प्रो. पाणि को ₹11,000 नकद राशि, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, शॉल और पटका प्रदान किया जाएगा। साथ ही शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा और पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 20 अन्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें प्रो. संजीव तिवारी, प्रो. अरुण चौधरी, प्रो. अजय कुमार भागी, प्रो. मनोज कुमार केन, डॉ. मनोज वर्मा, प्रो. नीलम राठी, प्रो. रमा शर्मा, अशोक दास, डॉ. सोहनपाल सुमनाक्षर, प्रो. पी.डी. सहारे, सौरभ भटनागर, धर्मेंद्र डागर, राजीव दुबे और अजय कुमार शुक्ला शामिल हैं।

प्रो. पाणि का योगदान
– तीन दशक से अधिक समय तक दिल्ली विश्वविद्यालय में रसायन विज्ञान के प्रख्यात प्रोफेसर के रूप में कार्य।
– विज्ञान और समाज विषय पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें लिखीं।
– डीन ऑफ कॉलेजिज बनने के बाद 5000 से अधिक स्थायी नियुक्तियाँ और 22,000 से ज्यादा पदोन्नतियाँ कराईं—जो विश्वविद्यालय के इतिहास में एक रिकॉर्ड है।
– वंचित समाज और दलित समुदाय के अधिकारों एवं सामाजिक न्याय के लिए सतत कार्य।

डॉ. हंसराज सुमन ने कहा कि यह सम्मान उन व्यक्तियों को दिया जाता है जो बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के सपनों के अनुरूप वंचित वर्गों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। प्रोफेसर बालाराम पाणि इसी भावना के प्रतिनिधि हैं।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed