
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अटल इनोवेशन मिशन और नीति आयोग के सहयोग से कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए “विकसित भारत बिल्डाथॉन” की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य छात्रों में नवाचार, रचनात्मक सोच और समस्या समाधान क्षमता को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे “विकसित भारत 2047” के विज़न से जुड़ सकें।
देशभर के 6 लाख स्कूलों के करीब 12 करोड़ छात्रों को इसमें अपने विचार प्रस्तुत करने, डिजाइन बनाने और प्रोटोटाइप तैयार करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के लिए चार मुख्य विषय तय किए गए हैं – वोकल फॉर लोकल, आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी और समृद्ध भारत।
यह बिल्डाथॉन 13 अक्टूबर 2025 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सभी स्कूलों में आयोजित होगा, जिसका सीधा प्रसारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। पंजीकरण की प्रक्रिया 23 सितंबर से 6 अक्तूबर तक चलेगी, जबकि प्रविष्टियां 13 से 31 अक्तूबर तक स्वीकार की जाएंगी।
पुरस्कार और सम्मान
– जनवरी 2026 में परिणाम घोषित होंगे।
– 10 राष्ट्रीय स्तर, 100 राज्य स्तर और 1,000 जिला स्तर के विजेताओं का चयन होगा।
– कुल 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
नई शिक्षा नीति से जुड़ा विज़न
धर्मेंद्र प्रधान ने एक्स (X) पर लिखा – “यह अब तक का दुनिया का सबसे बड़ा और अनोखा इनोवेशन मूवमेंट है, जिसमें 6 लाख से अधिक स्कूल और 12 करोड़ छात्र भाग ले रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के आह्वान से प्रेरित विकसित भारत बिल्डाथॉन, नई शिक्षा नीति 2020 के विज़न को धरातल पर उतारने का एक और महत्वपूर्ण कदम है। यह छात्रों को अपने विचार और नवाचार परखने का वैश्विक मंच प्रदान करेगा।”




Add comment