
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2025 सत्र की परीक्षा तिथियों का ऐलान कर दिया है। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, यह परीक्षा 31 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में ली जाएगी।
शहर सूचना पर्ची 10 दिन पहले जारी होगी
एनटीए के अनुसार, शहर सूचना पर्ची (City Intimation Slip) परीक्षा तिथि से 10 दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे ugcnet.nta.nic.in वेबसाइट को नियमित रूप से जांचते रहें ताकि किसी भी अपडेट से चूक न जाएं।
आवेदन प्रक्रिया जारी, अंतिम तिथि 7 नवंबर
यूजीसी नेट दिसंबर 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया फिलहाल जारी है। परीक्षा के लिए आवेदन करने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 7 नवंबर 2025 (रात 11:50 बजे तक) निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
क्या है यूजीसी नेट परीक्षा?
यूजीसी-नेट (UGC-NET) एक राष्ट्रीय स्तर की पात्रता परीक्षा है, जिसका आयोजन भारत के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर पदों और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए किया जाता है। यह परीक्षा पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश और विभिन्न मंत्रालयों से मिलने वाली फेलोशिप के लिए भी आवश्यक योग्यता के रूप में मानी जाती है।
परीक्षा में कुल दो पेपर होंगे— दोनों पेपर लगातार 180 मिनट में पूरे करने होंगे, और इनके बीच कोई ब्रेक नहीं दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क
श्रेणी शुल्क (₹)
सामान्य (Unreserved) 1150
जनरल-EWS / OBC (NCL) 600
SC / ST / PwD / PwBD 325
यूजीसी नेट आवेदन प्रक्रिया — स्टेप बाय स्टेप
- एनटीए की वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं।
- “UGC NET DEC 2025 के लिए पंजीकरण” पर क्लिक करें।
- पहली बार आवेदन कर रहे हैं तो “नया पंजीकरण (New Registration)” चुनें।
- पहले से रजिस्टर्ड हैं तो “लॉगिन” करें।
- आवेदन फॉर्म भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और शुल्क का भुगतान करें।
- सबमिशन के बाद पुष्टि पृष्ठ (Confirmation Page) डाउनलोड कर सुरक्षित रखें।




Add comment