
OpenAI Search Engine: ChatGPT और Sora जैसे AI टूल्स के बाद OpenAI एक सर्च इंजन लॉन्च कर सकता है। इसकी घोषणा कभी भी हो सकती है। जाहिर है कि इंटरनेट की दुनिया की यह एक बड़ी खबर है। तभी पिछले कुछ दिनों से लगातार इस लॉन्च होने वाले सर्च इंजन की चर्चा हो रही है। कहा जा रहा है कि OpenAI के सर्च इंजन का सीधा मुकाबला Google Search से होगा। उसी गूगल के सर्च इंजन से, जो हरेक कंप्यूटर और हर स्मार्ट फोन में मौजूद है। दो दशकों से गूगल का इस कैटेगरी में दबदबा है। कई प्लेयर्स ने गूगल से मार्केट शेयर छीनने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई सफल नहीं हुआ। जब ओपन एआई का सर्च इंजन सक्रिय होगा, तो स्थितियां बदलेंगी।
हालांकि OpenAI ने आधिकारिक रूप से इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है, मगर उसका यह नया प्रोडक्ट जल्द धरातल पर उतरा जा सकता है। यानी AI जनरेटिव टेक्स्ट, फोटो और वीडियो टूल्स के बाद अब वेब सर्च के लिए टूल। ये टूल कुछ और नहीं बल्कि Google Search की तरह की एक सर्च इंजन होगा, जो AI बेस्ड होगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस टूल से जब कोई सवाल करेगा, तो उनके जवाब के साथ सोर्स की भी जानकारी ब्राउजर पर मिलेगी। नए प्लेटफॉर्म में फोटोज भी शामिल होंगी। ये गूगल सर्च के मुकाबले बहुत तेज होगा। इसके अलावा किसी यूजर को जो सवाल होगा, उसे उसका सटीक जवाब मिलेगा।
अभी गूगल या किसी दूसरे सर्च इंजन पर कुछ सर्च करने पर कई सारी लिंक्स मिलती हैं, जबकि AI सर्च इंजन पर सीधा रिजल्ट मिलेगा। OpenAI के इस प्रोडक्ट से यूजर्स को निश्चित रूप एक नया एक्सपीरियंस मिलेगा। स्पष्ट है कि इंटरनेट पर अब लोगों के लिए केवल सर्च इंजन नहीं, बल्कि एआई से लैस बेहतर सर्च इंजन की उपलब्धता सुनिश्चित होने वाली है। वैसे पप्लेक्सिटी नामक एक सर्च इंजन भी लगातार विकसित हो रहा है, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता से लैस है, लेकिन ओपनएआई का सर्च इंजन विशेष होगा।
जहाँ तक गूगल की बात है तो सर्च इंजन मार्केट में Google की बादशाहत पिछले दो दशक से कायम है। हालांकि, AI के आने के बाद Google को OpenAI से कड़ी टक्कर मिल मिल रही है। एक के बाद एक OpenAI ने कई ऐसे टूल लॉन्च किए हैं, जो गूगल के टूल्स से ज्यादा पॉपुलर हो रहे हैं। ऐसे में OpenAI का सर्च इंजन गूगल की बादशाहत को चुनौती दे सकता है। गौर करने की बात है कि ओपनएआई ने बड़ी संख्या में गूगल के विशेषज्ञ प्रोग्रामरों को अपने यहां बहाल किया है, जिससे यह संभावना बढ़ी है कि ओपनएआई दुनिया के सामने कुछ बहुत खास पेश करने वाला है।
माइक्रोसॉफ्ट समर्थित ओपनएआई कृत्रिम बुद्धिमत्ता में अभी सबसे आगे है। चैटजीपीटी भी ओपनएआई का अब तक का सफलतम उत्पाद है। अब नए सर्च इंजन के आने से ओपनएआई के चैटजीपीटी की क्षमताओं में वृद्धि की उम्मीद है, जिससे यह वेब से वास्तविक समय में या तत्काल जानकारी प्राप्त कर सकेगा और अपनी प्रतिक्रियाओं में अनेक उद्धरण शामिल कर सकेगा। बहरहाल, अभी जो एआई सक्षम सर्च इंजन उपलब्ध हैं, उनकी सेवाएं पाठ और छवि तक ही सीमित हैं, इसलिए बाजार में एक ऐसे सर्च इंजन की जरूरत है, जो व्यापक रूप से किसी भी खोज को ज्यादा बुद्धिमत्तापूर्ण ढंग से आसान बनाए। गूगल पर सर्च की अभी जो विविध सुविधाएं हैं, वैसा ही अगर ओपनएआई ने पेश किया, तो एक नई क्रांति आ जाएगी।
हालांकि, गूगल भी शांत नहीं है, आने वाले दिनों में गूगल के सर्च इंजन में ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता का समावेश हो जाए, तो दुनिया में इंटरनेट सेवा एक अलग ही स्तर पर पहुंच जाएगी। वैसे यह भी उल्लेखनीय है कि गूगल का सर्च एल्गोरिद्म कोई भी दूसरे सर्च इंजने के मुकाबले बहुत पावरफुल है कंपनी अपने सर्च इंजन की काफी ज्यादा रेवेन्यू जनरेट करती है, जो विज्ञापन से आता है। ऐसे में अब तक कोई दूसरी कंपनी गूगल को टक्कर नहीं दे पाई है।
बहरहाल, लोग कृत्रिम बुद्धिमत्ता के असर से आच्छादित हैं और हर रोज़ नए के इंतजार में बैठे हैं। चैटजीपीटी की शुरुआत भी साल 2022 के अंत में हुई थी और अब तक उसके दस करोड़ मासिक उपयोक्ता हो चुके हैं। एआई के तो पिछले छह महीने में ही उपकोगकर्ता दोगुने हो गए हैं। ऐसे में एआई सर्च इंजन की सुगबुगाहटें लोगों की उत्सुकता बढ़ा रही है। कुछ दिन और सब्र कीजिए, इंटरनेट की दुनिया में एक नई क्रांति के कदमों की आहट महसूस होने लगी है। यह भी सवाल मौजूं हो चला है कि क्या OpenAI के नए AI सर्च इंजन से खत्म हो जाएगी Google की बादशाहत ?




Add comment