
मध्य एशियाई देश किर्गिस्तान में स्थानीय लोगों द्वारा तीन पाकिस्तानी छात्रों को पीट-पीटकर मार डालने की खबर आई है। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोग अन्य पाकिस्तानी छात्रों को भी निशाना बना रहे हैं। एक जैसे दिखने की वजह से वहां भारतीय छात्रों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। ऐसे में भारतीय विदेश मंत्रालय ने किर्गिस्तान में रहने वाले भारतीय छात्रों के लिए भी एडवाइजरी जारी कर उन्हें घरों के भीतर ही रहने की सलाह दी है।
पाकिस्तानी छात्रों के खिलाफ किर्गिस्तान में हिंसा भड़कने की वजह का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि कुछ मिस्त्र और अरब के छात्रों का स्थानीय लोगों से झगड़ा हुआ था और अरब के छात्रों ने स्थानीय लोगों से मारपीट कर दी थी। इसका आरोप पाकिस्तानी छात्रों पर लगा और स्थानीय लोग पाकिस्तानी छात्रों पर टूट पड़े। स्थानीय लोगों के हमले में तीन पाकिस्तानी छात्रों की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। कई अन्य छात्रों को भी निशाना बनाया गया है।
किर्गिज मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में मेडिकल शिक्षण संस्थानों के कुछ छात्रावासों, पाकिस्तान सहित अन्य देशों के छात्रों के निजी आवासों पर हमला किया गया है। बता दें कि छात्रावासों में भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के स्टूडेंट्स रहते हैं. किर्गिज छात्रों द्वारा पाकिस्तान की कुछ फीमेल स्टूडेंट्स को परेशान करने का मामला भी सामने आया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक्स पर एक पोस्ट में अपने देश के छात्रों पर हमले की पुष्टि की है।
वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘हम भारतीय छात्रों के संपर्क में हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे घरों के अंदर ही रहें और कोई भी समस्या होने पर दूतावास से संपर्क करें।’ भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने भी किर्गिस्तान के हालात पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। इसमें उन्होंने लिखा कि ‘हम भारतीय छात्रों की भलाई के लिए बिश्केक में हालात पर नजर रखे हुए हैं। हालात फिलहाल नियंत्रण में है। हालांकि भारतीय छात्रों को फिलहाल घरों के अंदर ही रहने की सलाह दी जाती है और दूतावास के संपर्क में रहें।’




Add comment