Edinbox Hindi

भीषण गर्मी के चलते दिल्ली के सभी स्कूलों को तत्काल बंद करने का आदेश

दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। हर रोज़ यह एक नया रिकॉर्ड बना रहा है। गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों को देखते हुए मौसम विभाग तक ने चेतावनी दी हुई है कि लोग घरों से बेवजह बाहर निकलने से बचें। ऐसे में अरविन्द केजरीवाल की सरकार ने भी दिल्ली के सभी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया है। दिल्ली सरकार की ओर से राजधानी के निजी स्कूलों को भी बिना देर किये अवकाश की घोषणा करने को कहा गया है।

बता दें कि दिल्ली में सरकारी स्कूलों में पहले ही छुट्टी की घोषणा कर दी गयी थी। लेकिन ऐसी खबर थी कि कुछ सरकारी सहायता प्राप्त और प्राइवेट स्कूल अभी भी कक्षाएं चला रहे हैं। ऐसे में शिक्षा निदेशालय की स्कूल शाखा द्वारा सर्कुलर जारी कर सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल प्रभाव से 30 जून तक स्कूल बंद करने की घोषणा करें। 

निदेशालय द्वारा जारी सर्कुलर में कहा गया है कि “शिक्षा निदेशालय के तहत सभी स्कूल प्रमुखों को शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए 11.05.2024 (रविवार) से 30.06.2024 (रविवार) तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रखने का निर्देश दिया गया था। हालाँकि, यह देखा गया है कि कुछ सरकारी सहायता प्राप्त और गैर सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त निजी स्कूल भीषण गर्मी के दौरान भी खुले हैं। इन सभी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से गर्मी की छुट्टियों के लिए स्कूल बंद करने की सलाह दी जाती है।”

सिर्फ दिल्ली ही नहीं, कई पड़ोसी राज्यों ने भी भीषण गर्मी के मद्देनज़र स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। खतरनाक रूप से उच्च तापमान से छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उदेश्य से स्कूल संचालकों को चेतावनी दी गयी है कि आदेश का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नॉएडा, ग़ाज़ियाबाद समेत हरियाणा और पंजाब के स्कूलों में भी 30 जून, 2024 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा की गई है। राजस्थान सरकार ने भी सभी स्कूलों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश अनिवार्य कर दिया है और 17 मई से 30 जून के बीच अतिरिक्त कक्षाओं पर रोक लगा दी है।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed