
ऑल इंडिया स्तर पर एम्स (AIIMS) द्वारा आयोजित एमडी परीक्षा (इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपोर्टेंस कंबाइंड एंट्रेंस टेस्ट 2024) में नकल कराने वाले एक गैंग का पर्दाफाश हुआ है। इस रैकेट के पांच आरोपियों को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिनमें एम्स ऋषिकेश के दो डॉक्टर भी शामिल हैं। सभी आरोपी हरियाणा और पंजाब के हैं। आरोपी प्रत्येक अभ्यर्थी से एमडी की परीक्षा में पास कराने के एवज में 50 लाख रुपए लिया करते थे। गैंग द्वारा हाईटेक तरीके से इस “खेल” को अंजाम देने की बात जानकार पुलिस भी हैरान रह गयी।
पुलिस के मुताबिक, परीक्षा केंद्रों से परिक्षार्थियों द्वारा प्रश्न पत्र की फोटो खींचकर टेलीग्राम के माध्यम से आरोपियों को उपलब्ध कराई जाती थी। इसके बाद आरोपी उसके उत्तर टेलीग्राम के माध्यम से भेज देते थे। पुलिस ने रंगे हाथों आरोपियों को यह खेल करते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उसकी तीन लैब हैं जिनके माध्यम से वे अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी परिक्षार्थियों को नकल कराने के एवज में मोटी धनराशि लेते हैं।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि परीक्षा केंद्रों में परीक्षा के दौरान परिक्षार्थियों को अनुचित माध्यमों से नकल कराए जा रहे हैं। इसके बाद ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने एक कार में बैठे पांच व्यक्तियों को एम्स की एमडी परीक्षा में कांगडा हिमाचल के परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन एवं टैब के माध्यम से प्रश्न पत्रों के उत्तर उपलब्ध कराते हुए गिरफ्तार कर लिया, जिनमें एम्स ऋषिकेश के दो डॉक्टर भी शामिल हैं।




Add comment