Edinbox Hindi

बिहार में बड़ी कार्रवाई, प्रधानाध्यापक समेत 16 शिक्षकों के वेतन पर रोक 

बिहार के स्‍कूलों में निरीक्षण को लेकर सख्‍ती बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में बिहार में शिक्षा विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंगेर जिले के जमालपुर प्रखंड अंतर्गत +2 फरदा उच्च विद्यालय एवं फरदा मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक समेत 16 शिक्षकों के वेतन पर रोक लगा दी है।

गौरतलब है कि बिहार शिक्षा विभाग ने कक्षाओं में बच्‍चों की उपस्थिति 90 फीसदी तक बढ़ाने का आदेश प्रधानाध्‍यापकों को दिया है। लेकिन हाल यह है कि प्रधानाध्यापक ही स्कूल से अनुपस्थित पाए जा रहे हैं। और वह भी फ़र्ज़ी तरीके से। यानी हाजिरी बन रही है उपस्थिति की और मास्टर साहब रह रहे हैं गैरहाज़िर। लेकिन विभाग की सतर्कता से वे अब धरे भी जा रहे हैं। कारण, निरीक्षी अधिकारी सुबह-सवेरे ही स्‍कूलों में जांच के लिए पहुंच जा रहे हैं। 

ताज़ा मामले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। शिक्षा विभाग स्थापना शाखा के प्रधान लिपिक सरोज कुमार जब जमालपुर प्रखंड के +2 फरदा उच्च विद्यालय एवं फरदा मध्य विद्यालय पहुंचे तो प्रधानाचार्य अनुपस्थित थे। उनकी खोजबीन होने पर वहां मौजूद अन्य शिक्षकों ने प्रधानाचार्य  सरोज कुमार को छुट्टी का आवेदन दिखा दिया। प्रधानाचार्य के कार्यप्रणाली की पोल उस समय खुल गई जब छुट्टी का आवेदन जमा करने वाले प्रधानाचार्य निरीक्षी पदाधिकारी के सामने ही विद्यालय पहुंच गए।

जिला शिक्षा अधिकारी ने निरीक्षी पदाधिकारी की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य सहित 16 शिक्षकों के वेतन पर एक दिन कटौती का आदेश जारी कर दिया है। भगोड़े शिक्षकों में फरदा प्लस टू स्कूल के संतोष कुमार सहनी एवं शिक्षक सुजीत कुमार, अविनाश कुमार एवं सोनी कुमारी शामिल है, जबकि फरदा मध्य विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिन्हा एवं शिक्षक कौशल किशोर रमण, मोहम्मद राशिद वसीम, विनिता मिश्रा, अभय कुमार , नीलू कुमारी, संजू कुमारी, सोनी कुमारी, अभिषेक कुमार, काजल कुमारी, खुशबू कुमारी एवं संतोष कुमार शामिल हैं।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed