
पटना यूनिवर्सिटी में बीएन कॉलेज के छात्र हर्ष राज की असामाजिक तत्वों द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अगले आदेश तक विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। हर्ष कुमार की हत्या सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में पटना यूनिवर्सिटी के पटना लॉ कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर हुई।
बता दें कि पटना यूनिवर्सिटी के बीएन कॉलेज में पढ़ने वाला छात्र हर्ष कुमार सोमवार को पटना लॉ कॉलेज में परीक्षा देने गया था। परीक्षा के बाद निकलते समय गेट के बाहर हर्ष के साथ मारपीट की गई। आनन-फानन में घायल हर्ष को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हर्ष कुमार वैशाली प्रखंड के मझौली गांव का रहने वाला था।
बीएन कॉलेज के विद्यार्थी हर्ष कुमार की जघन्य हत्या पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने शोक व्यक्त किया है और सभी परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से हत्या के शोक में विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी कॉलेज और मुख्यालय को आज बंद रखने की घोषणा की गई है।
कुलपति प्रो केसी सिन्हा ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुये कहा है कि पूरा विश्वविद्यालय प्रशासन इस घटना से शोकाकुल है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घायल विद्यार्थी को पीएमसीएच ले जाया गया जहां उन्हें मृत्य घोषित कर दिया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।
वहीं, पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ ने भी लॉ कॉलेज में हुई मारपीट की घटना पर दुख व्यक्त करते हुये विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी कॉलेजों में विद्यार्थियों की सुरक्षा की व्यवस्था करने की अपील की है। छात्रसंघ अध्यक्ष आनंद मोहन ने कहा कि पहले भी कॉलेजों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर गार्ड की व्यवस्था करने की विश्वविद्यालय प्रशासन से अपील की गयी थी। लेकिन कैंपस में विद्यार्थियों की सुरक्षा और मारपीट की घटना की रोकथाम के लिये कोई खास व्यवस्था अबतक नहीं की गयी है।
उधर, पटना लॉ कॉलेज हॉस्टल कैंपस में छात्र हर्ष की पिटाई और मौत के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कहा जा रहा है कि हर्ष कुमार पटना यूनिवर्सिटी में छात्र संघ का चुनाव लड़ना चाहता था। छात्र की मौत के बाद यूनिवर्सिटी के छात्रों में आक्रोश है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




Add comment