
पटना यूनिवर्सिटी के छात्र नेता और लाॅ के छात्र हर्ष की हत्या के विरोध में आज छात्र सड़क पर उतर आए। छात्रों ने अशोक राजपथ समेत कई महत्वपूर्ण सड़कों को जाम कर प्रदर्शन किया। कई जगहों से आगजनी की घटनाएं भी सामने आयी हैं। प्रदर्शनकारी छात्र हर्ष कुमार के हत्यारों की गिरफ्तारी और पटना यूनिवर्सिटी के कुलपति को तुरंत हटाने की मांग कर रहे थे।
छात्रों के प्रदर्शन की सूचना पाकर मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंची। पुलिस को मामला शांत कराने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। विशेषकर पटना के कारगिल चौक पर तो स्थिति अत्यंत गंभीर नज़र आयी। पुलिस ने सड़कों पर हंगामा करते छात्रों को हटाने की बहुत कोशिश की लेकिन छात्र मानने को तैयार नहीं थे। आसपास अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया था।
पुलिस के सामने ही छात्र टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, अपनी मांग बुलंद कर रहे थे। पुलिस ने मामले को संभालने की बहुत कोशिश की लेकिन छात्र लगातार अपनी मांग पर अड़े रहे। बाद में पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए हंगामा कर रहे छात्रों को हटाने की कोशिश की। हंगामा कर रहे कुछ छात्रों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है। खबर लिखे जाने तक भी पुलिस स्थिति को नियंत्रण करने में जुटी हुई थी।
इस बीच लॉ कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इसे कुख्यात बता रही है, जबकि इस हत्याकांड में दस से अधिक बदमाश थे, जिन्होंने मिलकर घटना को अंजाम दिया था। पटना के बिहटा इलाके से चंदन यादव नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। चंदन पटना के जैक्सन हॉस्टल में रहता था। पुलिस के मुताबिक एक पुराने मामले के कारण चन्दन ने हर्ष की हत्या को अंजाम दिया।




Add comment