
भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) अब केवल MBA और CAT परीक्षा तक सीमित नहीं रह गए हैं। देश के कई प्रमुख IIM ने 12वीं के बाद छात्रों के लिए अंडरग्रेजुएट (UG) प्रोग्राम शुरू किए हैं, जिनमें मैनेजमेंट के साथ डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बिजनेस एनालिटिक्स और डिजिटल बिजनेस जैसे आधुनिक विषय पढ़ाए जा रहे हैं।
इन नए कोर्सों की सबसे खास बात यह है कि कई IIM प्रवेश प्रक्रिया में JEE Main और JEE Advanced के स्कोर को भी महत्व दे रहे हैं। इससे इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अब IIM में पढ़ाई का नया रास्ता खुल गया है।
टेक्नोलॉजी और मैनेजमेंट का नया कॉम्बिनेशन
नई शिक्षा नीति (NEP) और बदलती उद्योग जरूरतों को देखते हुए IIM अपने पाठ्यक्रमों में तकनीकी विषयों को शामिल कर रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ऐसे पेशेवर तैयार करना है, जिन्हें मैनेजमेंट के साथ डेटा, टेक्नोलॉजी और डिजिटल बिजनेस की भी मजबूत समझ हो।
अधिकांश संस्थानों में प्रवेश के लिए अपना अलग चयन प्रक्रिया है, लेकिन कई IIM JEE Main या JEE Advanced के स्कोर को भी शॉर्टलिस्टिंग का आधार बना रहे हैं।
IIM लखनऊ: AI और बिजनेस एनालिटिक्स में BS
IIM लखनऊ ने बैचलर ऑफ साइंस (BS) इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड बिजनेस एनालिटिक्स कार्यक्रम शुरू किया है। इस कोर्स में प्रवेश JEE Advanced के प्रदर्शन के आधार पर दिया जाता है। यह कार्यक्रम उन छात्रों के लिए तैयार किया गया है जो तकनीक और बिजनेस दोनों क्षेत्रों में करियर बनाना चाहते हैं।
IIM बेंगलुरु: डिजिटल बिजनेस में ऑनलाइन BBA
IIM बेंगलुरु तीन वर्षीय ऑनलाइन BBA इन डिजिटल बिजनेस एंड एंटरप्रेन्योरशिप संचालित कर रहा है। इस कार्यक्रम में आवेदन करने के लिए JEE Main या CUET UG का स्कोर स्वीकार किया जाता है। यह कोर्स डिजिटल इकोनॉमी और स्टार्टअप इकोसिस्टम को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
IIM मुंबई: JEE Main के बाद इंटरव्यू
IIM मुंबई ने डिजिटल साइंस एंड बिजनेस मैनेजमेंट में चार वर्षीय BS प्रोग्राम शुरू किया है। इस कार्यक्रम में पहले JEE Main स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग की जाती है, जिसके बाद पर्सनल इंटरव्यू होता है।
विश्वविद्यालय के पहले बैच में 70 सीटें उपलब्ध हैं, इसलिए प्रवेश प्रक्रिया प्रतिस्पर्धी मानी जा रही है।
IIM कोझिकोड: एप्टीट्यूड टेस्ट से मिल सकती है छूट
IIM कोझिकोड के बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (BMS) कार्यक्रम में यदि किसी छात्र ने JEE Main में 80 या उससे अधिक परसेंटाइल हासिल किया है या SAT में 1300 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, तो उसे संस्थान के एप्टीट्यूड टेस्ट से छूट मिल सकती है।
हालांकि अंतिम चयन के लिए अन्य चरणों और पर्सनल इंटरव्यू में शामिल होना अनिवार्य रहता है।
IIM संबलपुर: डेटा साइंस और AI पर फोकस
IIM संबलपुर ने BS इन डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कार्यक्रम शुरू किया है। इसमें उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग JEE Main स्कोर के आधार पर की जाती है, जिसके बाद इंटरव्यू आयोजित किया जाता है।
इस कोर्स के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 20 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलती है।
छात्रों के लिए क्या है इसका महत्व?
अब तक IIM में प्रवेश का प्रमुख माध्यम CAT परीक्षा और MBA माना जाता था। लेकिन नए UG कार्यक्रमों के शुरू होने से 12वीं के बाद ही छात्रों को IIM में पढ़ाई का अवसर मिल रहा है। खासकर वे छात्र जो JEE Main या JEE Advanced की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए अब इंजीनियरिंग संस्थानों के साथ-साथ IIM भी एक मजबूत विकल्प बनकर उभरे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि मैनेजमेंट और टेक्नोलॉजी का यह मिश्रण आने वाले समय में उद्योगों की मांग के अनुरूप नए करियर अवसर तैयार करेगा। हालांकि, प्रत्येक IIM की पात्रता, चयन प्रक्रिया, सीटों की संख्या और आवेदन तिथियां अलग-अलग हो सकती हैं। इसलिए आवेदन से पहले संबंधित संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नवीनतम जानकारी अवश्य जांच लें।




Add comment