Edinbox Hindi

कांग्रेस ने की नीट परीक्षा दोबारा कराने की मांग, लगाया धांधली का आरोप  

देशभर के मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए आयोजित नीट परीक्षा 2024 (NEET UG 2024) को लेकरविवाद बढ़ता जा रहा है। प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने नीट की परीक्षा में धांधली होने का आरोप लगाते हुए उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश से इस मामले की जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस ने पेपर लीक को अत्यंत गंभीर मुद्दा बताया और कहा कि जांच में अगर गड़बड़ी पायी जाती है तो नीट परीक्षा को दोबारा कराया जाना चाहिए।

पार्टी के दिल्ली स्थित कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में युवा कांग्रेस प्रभारी कन्हैया कुमार ने कहा कि पेपर लीक आज की तारीख में एक गंभीर समस्या बन गई है और इस पर कड़ी कार्रवाई करने की आवश्यकता है क्योंकि पेपर लीक माफिया छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।

उन्होंने साफ़-साफ़ कहा, “नीट की परीक्षा में फिर से धांधली हुई है। देश में ऐसी कोई परीक्षा नहीं है जिसमें धांधली न हो। छात्रों ने सोशल मीडिया पर लिखना शुरू कर दिया है- ‘एक बार फिर, लीकेज सरकार’। चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी परीक्षा पर चर्चा करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद पेपर लीक और धांधली पर कोई बात नहीं होती है।”

कन्हैया कुमार ने कहा, “यही हालत रही तो आने वाले दिनों में यूपीएससी की परीक्षा भी ठीक से नहीं हो पाएगी। आज देश के किसी भी स्टूडेंट सेंटर में आत्महत्या की घटनाएं समस्या बन चुकी हैं। सरकार को कदम उठाना चाहिए। सिर्फ बयानबाजी से काम नहीं चलेगा, क्योंकि ये देश के भविष्य का सवाल है। नीट और किसी भी अन्य परीक्षा में हुईं धांधली के लिए हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में इसकी एक उच्च स्तरीय जांच हो।”

उन्होंने कहा, “हमारी मांग है कि नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों की पुनर्समीक्षा की जाए। जो शिकायत कर रहे हैं, उसका समाधान किया जाए। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच हो और जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर दोबारा परीक्षा होनी चाहिए।”

इस मौके पर कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के अध्यक्ष वरुण चौधरी ने कहा, “नीट परीक्षा में पेपर लीक और रिजल्ट में धांधली पर सरकार चुप है। एनटीए शक के घेरे में है, क्योंकि पेपर लीक की बात सामने आई थी। फिर परीक्षा में जो स्कोर संभव नहीं था, वे भी छात्रों को मिले। यही नहीं, नीट का रिजल्ट जल्दबाजी में पहले ही रिलीज कर दिया गया, जिसके बारे में किसी को जानकारी नहीं दी गई। ये सारी बातें एनटीए पर कई सवाल खड़े करती हैं।”

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed