
भारतीय सेना ने बीते दिनों पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर के पूर्वी इंफाल जिला स्थित एंड्रो आर्मी कैंप में एक आकर्षक और जीवंत कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का थीम था “एक दिन कंपनी कमांडर के साथ।” हिंसा से लगातार जूझते आ रहे इस सूबे में स्वाभाविक है कि इस आयोजन का मकसद सौहार्द को बढ़ाना तो था ही, साथ ही खेल भावना को बढ़ावा देना और लोगों को भारतीय सेना के बारे में और जागरूक करना भी इसका अहम उद्देश्य था। ब्राइटर पब्लिक स्कूल के 50 छात्रों समेत चार अभिभावक और स्थानीय एंड्रो गांव के 40 बच्चों ने भी इसमें शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के बीच टीमवर्क और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। छात्रों और स्थानीय बच्चों ने रस्साकशी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, म्यूजिकल चेयर और बैडमिंटन सहित कई सामूहिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। इन गतिविधियों ने न केवल मौज-मस्ती और शारीरिक व्यायाम का एक अवसर प्रदान किया, बल्कि ये प्रतिभागियों के बीच टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का निर्माण करने में भी मददगार बनीं।
आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण कंपनी कमांडर द्वारा दिया गया उदबोधन रहा। ‘अपनी सेना को जानें’ विषय पर आधारित उनका उदबोधन कई तरह की जानकारियों से सज्जित था। इस सत्र का उद्देश्य युवा प्रतिभागियों को भारतीय सेना की भूमिकाओं, जिम्मेदारियों और इसके द्वारा प्रदान किए जाने वाले विभिन्न करियर के अवसरों के बारे में शिक्षित करना था। कंपनी कमांडर का व्याख्यान कई छात्रों के लिए वाकई एक आँख खोलने वाला प्रसंग साबित हुआ। उन्हें इससे राष्ट्र की सुरक्षा में सेना के महत्वपूर्ण योगदान और सशस्त्र बलों में करियर के माध्यम से राष्ट्र की सेवा करने के विभिन्न तरीकों के बारे में गहरी समझ हासिल हुई।
विभिन्न गतिविधियों और व्याख्यान के अलावा, इस कार्यक्रम के ज़रिये सेना को स्थानीय जन समुदाय के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने का एक शानदार अवसर भी प्राप्त हुआ। विदित है कि भारतीय सेना ने लगातार ऐसी पहल के माध्यम से स्थानीय समुदायों, विशेष रूप से युवाओं के साथ जुड़ने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। ऐसे आयोजनों के ज़रिये सेना न केवल सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देती रही है, बल्कि युवा पीढ़ी को खेल और शारीरिक गतिविधियों को अपने रोजमर्रा के जीवन में शामिल करने के लिए भी प्रोत्साहित करती है। साथ ही ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं को सशस्त्र बलों में संभावित करियर विकल्पों को लेकर मूल्यवान मार्गदर्शन भी प्राप्त होता है, जिससे उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित करियर का चुनाव करने की प्रेरणा मिलती है।
एंड्रो आर्मी कैंप में आयोजित यह कार्यक्रम सामुदायिक जुड़ाव और युवा विकास के लिए भारतीय सेना की प्रतिबद्धता का प्रमाण था। इसने न केवल राष्ट्र के रक्षक के रूप में बल्कि युवाओं के लिए एक संरक्षक और मार्गदर्शक के रूप में भी सेना की भूमिका को उजागर किया, जो उनकी प्रतिभा और आकांक्षाओं को परवाज़ देता है। इस तरह के आयोजनों के माध्यम से भारतीय सेना स्थानीय समुदायों के साथ मजबूत, सकारात्मक रिश्ता कायम करने के साथ ही आपसी सम्मान और समझ की भावना को बढ़ावा देने का काम करती है।
“एक दिन कंपनी कमांडर के साथ” जैसे आयोजन की सफलता सेना और नागरिकों के बीच खाई को पाटने में इस तरह की पहल के महत्व को रेखांकित करती है। यह सुनिश्चित करते हुए कि देशभक्ति, अनुशासन और सेवा के मूल्य भविष्य की पीढ़ियों तक पहुंचेंगे।




Add comment