
डिजाइन की पढ़ाई करने का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। Indian Institute of Technology Bombay ने UCEED 2027 और CEED 2027 परीक्षा की तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। संस्थान की ओर से जारी सूचना के अनुसार दोनों राष्ट्रीय स्तर की डिजाइन प्रवेश परीक्षाएं 17 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएंगी। परीक्षा देशभर के विभिन्न केंद्रों पर एक ही शिफ्ट में होगी।
UCEED यानी Undergraduate Common Entrance Examination for Design का आयोजन बैचलर ऑफ डिजाइन (BDes) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए किया जाता है। इस परीक्षा के माध्यम से देश के प्रमुख संस्थानों में दाखिला मिलता है। इनमें Indian Institute of Technology Bombay, Indian Institute of Technology Delhi, Indian Institute of Technology Guwahati, Indian Institute of Technology Hyderabad, Indian Institute of Technology Roorkee और Indian Institute of Information Technology Design and Manufacturing Jabalpur शामिल हैं।
वहीं CEED यानी Common Entrance Examination for Design परीक्षा का आयोजन मास्टर ऑफ डिजाइन (MDes) कार्यक्रमों में दाखिले के लिए किया जाता है। डिजाइन, विजुअल कम्युनिकेशन, प्रोडक्ट डिजाइन और क्रिएटिव स्टडीज में करियर बनाने वाले छात्रों के लिए यह परीक्षा काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है।
अक्टूबर 2026 में जारी होगा पूरा शेड्यूल
आईआईटी बॉम्बे ने जानकारी दी है कि UCEED 2027 और CEED 2027 से जुड़ी विस्तृत अधिसूचना और अन्य महत्वपूर्ण तारीखें अक्टूबर 2026 में जारी की जाएंगी। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान निर्धारित रजिस्ट्रेशन फीस जमा करनी होगी।
CEED 2027 परीक्षा पैटर्न
CEED 2027 परीक्षा दो भागों में आयोजित होगी। पार्ट-ए कंप्यूटर आधारित होगा, जिसमें NAT, MSQ और MCQ प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे। NAT सेक्शन में 8 प्रश्न होंगे, जिनके लिए कुल 32 अंक निर्धारित हैं। MSQ सेक्शन में 10 प्रश्न 40 अंकों के होंगे, जबकि MCQ सेक्शन में 26 प्रश्न 78 अंकों के होंगे। इस तरह पार्ट-ए कुल 150 अंकों का रहेगा।
पार्ट-बी में छात्रों की स्केचिंग क्षमता, क्रिएटिविटी, विजुअल सेंस और प्रॉब्लम सॉल्विंग क्षमता का परीक्षण किया जाएगा। इसमें फॉर्म सेंसिटिविटी और प्रॉब्लम आइडेंटिफिकेशन जैसे विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे। इस सेक्शन के लिए कुल 110 अंक निर्धारित किए गए हैं।
UCEED 2027 परीक्षा पैटर्न
UCEED 2027 परीक्षा में भी छात्रों की डिजाइन एप्टीट्यूड और क्रिएटिव सोच को परखा जाएगा। परीक्षा के पार्ट-ए में NAT सेक्शन के तहत 14 प्रश्न 56 अंकों के होंगे। MSQ सेक्शन में 15 प्रश्न 60 अंकों के और MCQ सेक्शन में 28 प्रश्न 84 अंकों के होंगे। पार्ट-ए कुल 200 अंकों का रहेगा।
इसके अलावा पार्ट-बी में स्केचिंग और डिजाइन एप्टीट्यूड से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। इस सेक्शन में दो प्रश्न होंगे और दोनों के लिए 50-50 अंक निर्धारित किए गए हैं।
डिजाइन करियर के लिए महत्वपूर्ण परीक्षा
UCEED और CEED दोनों परीक्षाएं देश में डिजाइन शिक्षा के लिए सबसे प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं में गिनी जाती हैं। इन परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले छात्रों को IITs और IIITDM जबलपुर जैसे संस्थानों में दाखिले का मौका मिलता है। इसके अलावा देश के कई अन्य निजी और सरकारी संस्थान भी UCEED स्कोर को स्वीकार करते हैं।
डिजाइन सेक्टर में तेजी से बढ़ते अवसरों को देखते हुए हर साल बड़ी संख्या में छात्र इन परीक्षाओं में शामिल होते हैं। ऐसे में समय रहते परीक्षा पैटर्न और तैयारी रणनीति को समझना छात्रों के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है।




Add comment