
हाल ही में अनएकेडमी (Unacademy) के सीईओ गौरव मुंजाल ने अपने कर्मचारियों के लिए इस साल कोई इंक्रीमेंट नहीं होने की घोषणा की। यानी अनएकेडमी के लिए काम करने वालों को इस साल कोई अप्रेजल नहीं मिलने का एलान। यह घोषणा अनएकेडमी के कर्मचारियों के लिए निराशाजनक और हतोत्साहित करने वाली थी। कारण, प्राइवेट कंपनियों में नौकरी करने वाले लोगों के लिए अप्रेजल यानि सैलरी इंक्रीमेंट का समय बहुत महत्वपूर्ण होता है। यह उनके काम का मूल्यांकन और उनके प्रयासों का सम्मान होता है। जाहिर है इससे कर्मचारियों को धक्का लगा, उनकी उम्मीदें टूटीं। लेकिन जब उन्हें इस बात का पता चला कि कंपनी के वर्चुअल टाउन हॉल में इस बुरी खबर को सुनते वक़्त सीईओ गौरव मुंजाल स्वयं 30 हजार रुपये से अधिक की टी-शर्ट पहने हुए थे, तो इससे वे और ज़्यादा भड़क गए।
आलम यह है कि सीईओ गौरव मुंजाल की इस घोषणा का वीडियो सोशल मीडिया पर भी इन दिनों वायरल है और यहाँ उनकी खूब आलोचना हो रही है। लोग एक महंगी टी-शर्ट पहन कर्मचारियों के लिए ‘नो इंक्रीमेंट’ के एलान को अनुचित बता रहे हैं। यहाँ तक कहा जा रहा है कि ये सीईओ अपनी लाइफ स्टाइल से समझौते नहीं करेंगे, लेकिन कर्मचारियों की तनख्वाह ज़रूर इन्हें भारी लगेगी। एक टिपण्णी तो यह भी आयी कि यह वही शख्स है जो स्वयं प्राइवेट जेट में यात्रा करता है और कर्मचारियों की तनख्वाह बढ़ाना इसे भरी लगता है। बहरहाल, सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि मुंजाल ने वीडियो में एक लग्जरी ब्रिटिश ब्रांड बरबेरी की ब्लैक पार्कर टी-शर्ट पहनी थी, जिसकी कीमत करीब 400 डॉलर (यानि लगभग 34 हजार रुपये) है। यही वजह है कि लोग गौरव मुंजाल से काफी भड़के हुए हैं।
बता दें कि अपने कर्मचारियों के लिए इस साल कोई इंक्रीमेंट नहीं होने की घोषणा करते वक़्त मुंजाल ने कहा था कि 2024 बिजनेस के लिहाज से एक औसत से ऊपर का साल था, लेकिन अनएकेडमी (Unacademy) ने अपने टारगेट को अचीव नहीं किया। उन्होंने बताया कि बाजार का सिचुएशन काफी टफ है और कई कंपटीटर टिक नहीं पाए हैं। हालांकि, कंपनी के अस्तित्व को कोई खतरा नहीं है, लेकिन आगे बढ़ना एक चुनौती है।
उन्होंने अपने वीडियो में यह भी कहा कि अनएकेडमी (Unacademy) का ऑफलाइन कारोबार बढ़ा, लेकिन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। मुंजाल ने यह स्पष्ट किया कि कुछ कर्मचारियों को पिछले दो सालों से अप्रेजल नहीं मिला है और यह निर्णय उनके लिए कठिन है। उन्होंने अपने कर्मचारियों से बिगर पिक्चर देखने का आग्रह किया। हालांकि दो-तीन हफ्ते पहले उन्होंने कर्मचारियों के लिए अप्रेजल की बात कही थी, लेकिन बाद में उन्होंने इससे दूरी बरत ली। उन्होंने अनएकेडमी के लिए काम करने वालों को इस साल कोई अप्रेजल नहीं मिलने का एलान कर दिया।
बहरहाल, गौरव मुंजाल की इन्क्रीमेंट नहीं करने की घोषणा की जितनी आलोचना नहीं हो रही है, उससे ज़्यादा उनकी महंगी टी शर्ट निशाने पर है। सोशल मीडिया पर लोगों ने मुंजाल की महंगी टी-शर्ट और बेतुके कारण के साथ ‘नो इंक्रीमेंट’ की घोषणा की कड़ी आलोचना की। लोगों का कहना था कि इतनी महंगी टी-शर्ट पहनकर यह बताना कि कंपनी नुकसान में है, ठीक नहीं है। इससे यह सवाल उठता है कि क्या कंपनी की भरपाई केवल कर्मचारी ही करेंगे?




Add comment