
मार्क जकरबर्ग दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार जकरबर्ग की कुल संपत्ति $206.2 बिलियन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। इस वृद्धि से वे संपत्ति के मामले में अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस से $1.1 बिलियन आगे निकल गए और एलन मस्क के बाद दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए।
ऐसे में सवाल उठता है कि यह आखिर हुआ कैसे ? ऐसा मेटा प्लेटफॉर्म्स के शेयरों में लगातार बढ़ोतरी के कारण हुआ। मेटावर्स और एआई पर जकरबर्ग के जिस दांव को शुरू में एक बहुत बड़ी विफलता की तरह देखा जा रहा था, हाल के महीनों में वही सफल साबित हुआ।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, 3 अक्टूबर को जकरबर्ग की कुल संपत्ति 206.2 बिलियन डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। इस वृद्धि से उन्होंने संपत्ति के मामले में अमेजन के बेजोस को पीछे छोड़ दिया। अब इस मामले में उनसे आगे केवल टेस्ला के एलन मस्क हैं जिनकी संपत्ति जकरबर्ग से लगभग 50 बिलियन डॉलर अधिक है।
दरअसल, मेटा के शेयरों में दूसरी तिमाही में उम्मीद से बेहतर बिक्री के आंकड़े और एआई चैटबॉट को शक्ति देने वाले बड़े भाषा मॉडल की दिशा में कदम बढ़ाने के बाद 23% की वृद्धि आई। कंपनी के शेयर 3 अक्टूबर को 582.77 डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर बंद हुआ। मेटा ने डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग पावर पर भारी खर्च किया है। जकरबर्ग एआई की दौड़ में अग्रणी स्थान हासिल करने की दिशा में काम कर रहे हैं। कंपनी ने अन्य दीर्घकालिक परियोजनाओं पर भी काम करना शुरू कर दिया है। इनमें ओरियन ऑगमेंटेड रियलिटी ग्लास भी शामिल है, जिसकी घोषणा कंपनी ने पिछले महीने की थी।
कैलिफोर्निया के मेनलो पार्क स्थित कंपनी में 13% हिस्सेदारी रखने वाले जकरबर्ग की संपत्ति में इस वर्ष अब तक 78 बिलियन डॉलर की वृद्धि हुई है। यह वृद्धि ब्लूमबर्ग सूचकांक की ओर से ट्रैक किए गए दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों में सबसे अधिक है। 40 वर्षीय जकरबर्ग इस वर्ष संपत्ति सूचकांक पर चार स्थान ऊपर आए हैं।




Add comment