Edinbox Hindi

NSDCI और Physics Wallah की BIG पहल; मकसद शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी को कम करना

नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन इंटरनेशनल (NSDCI) और एडटेक यूनिकॉर्न फिजिक्सवाला (Physics Wallah – PW) ने मिलकर एक पहल शुरू की है जिसे भारत इनोवेशन ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड (BIG) के नाम से जाना जाएगा। यह पहल भारत को एक वैश्विक शिक्षा केंद्र में बदलने के विजन की ओर एक बड़ा कदम है। BIG का प्रमुख उद्देश्य शिक्षा को वर्कप्लेस की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाना है, ताकि शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी को कम किया जा सके। यह काम तकनीक आधारित और उद्योग से जुड़े शिक्षण तरीकों के जरिए किया जाएगा। 

BIG पहल का लक्ष्य अलग-अलग उम्र और जरूरतों वाले लोगों को सीखने के मौके देना है। इसमें स्कूलों में 11वीं और 12वीं कक्षा से ही स्किल सिखाना शुरू किया जाएगा, ताकि छात्र शुरू से ही नौकरी के लिए तैयार हो सकें। यह पहल इंडिस्ट्रयल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (ITI), पॉलिटेक्निक, कॉलेज के छात्रों और कामकाजी लोगों के लिए भी है, जिससे हर किसी को सीखने का मौका मिले। BIG सरकारी क्षेत्र के कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाने को भी प्राथमिकता देती है, ताकि उनकी स्किल और नॉलेज को आधुनिक शासन की बदलती मांगो के साथ संगठित किया जा सके। यह पहल ऑनलाइन कोर्स की इजाजत देने वाले यूजीसी के नए नियमों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के साथ मेल खाती है। 

 NSDCI के सीईओ और NSDCI के एमडी वेद मणि तिवारी का कहना है कि “फिजिक्सवाला के साथ हमारी यह साझेदारी शिक्षा और उद्योग की जरूरतों को जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है। भारत इनोवेशन ग्लोबल (BIG) पहल लाखों छात्रों को भविष्य की नौकरियों के लिए जरूरी कौशल देकर सक्षम बनाएगी। यह सहयोग न केवल एनएसडीसी इंटरनेशनल की रोजगार बढ़ाने की प्रतिबद्धता दिखाता है, बल्कि बदलती अर्थव्यवस्था की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक कुशल कार्यबल तैयार करने के हमारे लक्ष्य से भी मेल खाता है। हम साथ मिलकर ऐसे आसान और नए तरीके बना रहे हैं, जो यह सुनिश्चत करें कि हर छात्र नौकरी के लिए तैयार हो और भारत की तरक्की में अपना योगदान दे सके।” 

Physics Wallah के फाउंडर और सीईओ अलख पांडे कहते हैं, “शिक्षा कोई स्थिर समाधान नहीं है, यह एक बदलती यात्रा है जिसमें साथ मिलकर काम करने, नए विचारों और बदलने की क्षमता की जरूरत होती है। फिजिक्सवाला (पीडब्लू) में हमारा मकसद छात्रों को ऐसे कौशल देना है, जो उन्हें बदलती दुनिया के लिए तैयार करें। NSDCI के साथ BIG के जरिए हमारी साझेदारी शिक्षा को ज्यादा समावेशी बनाने की ओर एक कदम है। इस पहल से हम चाहते हैं कि शिक्षा हर उम्र में लोगों की तरक्की में मदद करे।” 

BIG डिजिटल शिक्षा पर आधारित है, जो तकनीक के जरिए आसान, सुलभ और व्यक्तिगत सीखने का अनुभव देती है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) की मदद से करियर गाइडेंस, गेम्स के जरिए पढ़ाई, एडजस्ट होने वाले टूल्स और सुरक्षित प्लेटफॉर्म शामिल हैं। इससे हर पृष्ठभूमि के छात्र उद्योग से जुड़े कोर्स कर सकते हैं। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed