
टेस्ला के मालिक एलन मस्क और ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन आमने-सामने आ गए हैं। दोनों के बीच ‘एक्स’ पर जुबानी जंग देखने को मिली। यह जुबानी जंग ऐसे वक्त हुई, जब स्टारगेट प्रोजेक्ट का एलान किया गया है। इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नई कंपनी के जरिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई के बुनियादी ढांचे में 500 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की थी। ट्रंप ने इसे अपने नए प्रशासन के तहत अमेरिका की क्षमता में विश्वास की एक शानदार एलान बताया, जिसमें 100 बिलियन अमेरिकी डॉलर का शुरुआती निजी निवेश शामिल है। माना जा रहा है कि यह आईटी क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी परियोजना होगी।
दरअसल, एलन मस्क ने स्टारगेट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को लेकर ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन पर निशाना साधा। दोनों के बीच विवाद ओपनएआई के बोर्ड को लेकर शुरू हुआ था। अब मस्क ने ट्रंप के एलान के कुछ घंटों बाद ही निवेश की गई धनराशि पर सवाल उठाए। मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘उनके पास वास्तव में पैसे नहीं हैं। सॉफ्टबैंक अब तक 10 अरब डॉलर से कम की ही धनराशि जुटा पाई है। मुझे इस बारे में पुख्ता सूत्रों से जानकारी मिली है।
ऑल्टमैन ने जवाब देते हुए कहा कि मस्क गलत हैं, जैसा कि आप पहले से जापने हैं। उन्होंने मस्क को टेक्सास में पहली साइट पर आने के लिए आमंत्रित किया। इस साइट पर अभी काम चल रहा है। उन्होंने कहा, ‘यह देश के लिए बहुत अच्छा है। मुझे पता है कि देश के लिए जो अच्छा है वह हमेशा आपकी कंपनियों को पंसद नहीं आता, लेकिन आपकी नई भूमिका में मुझे उम्मीद है कि आप ज्यादातर अमेरिका को पहले रखेंगे।
स्टारगेट को लेकर सार्वजनिक मंच पर टकराव मस्क और ऑल्टमैन के बीच सालों से चल रही प्रतिद्वंद्विता का परिणाम है। यह जंग ओपनएआई को चलाने के लिए बोर्डरूम प्रतिद्वंद्विता से शुरू हुई थी, जिसे तैयार करने में दोनों ने ही मदद की थी। ओपनएआई के शुरुआती निवेशक और बोर्ड के सदस्य मस्क ने पिछले साल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी पर मुकदमा दायर किया था।




Add comment