
अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला ने भारत में विभिन्न पदों के लिए भर्तियों की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिनमें व्यवसाय संचालन विश्लेषक और ग्राहक सहायता विशेषज्ञ जैसी भूमिकाएं शामिल हैं। इस संबंध में कंपनी ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक अधिसूचना जारी की है, जिसमें यह बताया गया कि ये पद ‘मुंबई उपनगरीय’ क्षेत्र के लिए हैं। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की अमेरिका में हुई हाल की मुलाकात के बाद उठाया गया है, जिसके कुछ दिन बाद ही यह घोषणा की गई।
कंपनी ने अपने लिंक्डइन अकाउंट से मुंबई और दिल्ली के लिए कुल 13 पदों की भर्ती का ऐलान किया है। इनमें सेवा सलाहकार, पार्ट्स सलाहकार, सेवा तकनीशियन, सेवा प्रबंधक, बिक्री एवं ग्राहक सहायता, स्टोर प्रबंधक, व्यवसाय संचालन विश्लेषक, ग्राहक सहायता पर्यवेक्षक, ग्राहक सहायता विशेषज्ञ, वितरण संचालन विशेषज्ञ, आर्डर संचालन विशेषज्ञ, आंतरिक बिक्री सलाहकार और उपभोक्ता सहभागिता प्रबंधक के लिए वैकेंसी शामिल हैं।
कई वर्षों से टेस्ला भारत में अपना व्यवसाय सेटअप करने की योजना बना रही थी, लेकिन टैक्स और ड्यूटी संबंधित समस्याएं उनके लिए चुनौती बन रही थीं। अब जबकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का टैरिफ के प्रति रवैया स्पष्ट है, भारत ने भी अपनी ओर से कदम पीछे खींचते हुए बजट में इम्पोर्ट ड्यूटी में कमी की है, जिससे यह संकेत मिलता है कि भारत अमेरिका के टैरिफ युद्ध से अलग रहना चाहता है और विदेशी निवेश बढ़ाना चाहता है।
टेस्ला ने जो हायरिंग नोटिफिकेशन जारी किया है, उसके बाद एक ईमेल के जरिए कंपनी से यह सवाल पूछा गया था कि क्या ये भर्तियां टेस्ला की भारतीय बाजार में प्रवेश योजना का हिस्सा हैं, और भारत में बिक्री शुरू करने की संभावित समयसीमा क्या होगी। हालांकि, कंपनी ने इन सवालों का कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है।
इस हायरिंग प्रक्रिया के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा है कि एलन मस्क की टेस्ला कंपनी भारत में 25 से 40 हजार करोड़ रुपए तक का निवेश करने की योजना बना रही है। भारतीय अधिकारियों के अनुसार, टेस्ला अब भारत में 65 से 80 हजार करोड़ रुपए यानी डबल निवेश करने का विचार कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह भारत के लिए एक महत्वपूर्ण विदेशी निवेश होगा, जो किसी अन्य विदेशी निवेशक से कहीं ज्यादा होगा।




Add comment