
बॉलीवुड अभिनेत्री अनन्या पांडे इन दिनों सुर्ख़ियों में हैं। वजह है 4 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली उनकी फिल्म ‘कंट्रोल’ यानी सीटीआरएल। इस फिल्म में अनन्या एक कंटेंट क्रिएटर की भूमिका निभा रही हैं। और यह फिल्म ‘एआई’ की दुनिया के इर्द-गिर्द घूमती है। यानी कृत्रिम बुद्धिमत्ता या कहें अर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इर्द-गिर्द। जाहिर है कि जब फिल्म ‘एआई’ टेक्नॉलॉजी से सम्बन्ध रखती है, तो अनन्या इसे लेकर लोगों से अपनी बात भी साझा कर रही हैं। फिल्म के बारे में अनन्या का कहना है कि “मेरा मानना है कि यह फिल्म सभी के लिए है, क्योंकि टेक्नॉलॉजी में तेजी से इजाफा हो रहा है और इस पर हमारी निर्भरता भी बढ़ती जा रही है।”
बहरहाल, ‘कंट्रोल’ एक थ्रिलर फिल्म है और इसका निर्देशन विक्रमादित्य मोटवानी ने किया है। निर्देशक मोटवानी का भी मानना है कि ‘हम अपने डिवाइस पर जितना समय बिताते हैं, उस हिसाब से स्क्रीन टाइम अब स्क्रीन लाइफ हो गया है।’ वह सवाल करते हैं कि “क्या वास्तव में हम अपने जीवन के सभी डिजिटल एक्सटेंशन को नियंत्रण कर रहे हैं, या हमें नियंत्रित किया जा रहा है? यही कारण है कि इसका जवाब ‘सीटीआरएल’ के जरिए तलाशा जा रहा है।”
वहीं अपनी फिल्म ‘कंट्रोल’ को लेकर उत्साहित अनन्या पांडे एआई के दुरुपयोग पर खुलकर बोलती है। वह कहती हैं कि सरकार को टेक्नोलॉजी के दुरुपयोग को रोकने के लिए कुछ नियम बनाने की आवश्यकता है।
गौरतलब है कि हाल ही में आमिर खान, रणवीर सिंह, आलिया भट्ट और रश्मिका मंदाना जैसे फिल्म सितारे डीपफेक वीडियो के शिकार हुए हैं। अनन्या कहती हैं, ‘यह बहुत डरावना है। सार्वजनिक हस्तियों के रूप में, हमारे चेहरे और आवाज बाहर हैं। मुझे नहीं पता कि हम कितना सुरक्षित कर सकते हैं। मुझे लगता है कि इसके लिए सरकार द्वारा नियम बनाने होंगे, शायद यही समाधान है।’
अनन्या के वर्क फ्रंट की बात करें तो हाल ही में उनका वेब शो ‘कॉल मी बे’ रिलीज हुआ। अब वह फिल्म ‘कंट्रोल’ में नजर आ रही हैं, जो एआई के दुष्प्रभावों को दिखाता है। अभिनेत्री अपनी इस फिल्म को लेकर तो उत्साहित हैं ही, उनके प्रशंसक भी इसे लेकर काफी उत्साहित हैं।
बहरहाल, कंप्यूटर में ‘कंट्रोल’ की कमांड देने वाले CTRL बटन से इस फिल्म का टाइटल बना है। कहानी में CTRL नाम की एक ऐप भी है जो AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) बेस्ड प्लेटफॉर्म नजर आ रहा है। जो इंसान की लाइफ और खुशियों को कंट्रोल कर सकता है। फिल्म में अनन्या के किरदार का नाम नेला है जो एक आज के दौर की एक नॉर्मल यंग लड़की है।
नेला और उसका बॉयफ्रेंड (विहान समत) एक आम यंग कपल हैं जिनकी डेटिंग और रुटीन लाइफ का हर मोमेंट सोशल मीडिया पर अपडेट होता रहता है। लेकिन बॉयफ्रेंड के चीट करने के बाद नेला की लाइफ में परेशानियां आने लगती हैं। और अब वो चाहती है कि उसकी लाइफ से उसका एक्स बस गायब हो जाए। CTRL नेला के लिए ये काम कर देता है। मगर अब वो लड़का सच में गायब हो चुका है और किसी को नहीं मिल रहा। यानी AI से असंभव काम तो हो गया लेकिन अंततः वह नेला के लिए मुसीबत बन जाता है। अनन्या AI के ऐसे ही दुरूपयोग से लोगों को आगाह करती है, फिल्म में अपने किरदार के ज़रिये। यानी यह दिलचस्प कहानी ये एक्सप्लोर करना चाहती है कि इंसानों की रियल लाइफ में AI के घुसने से क्या कुछ परेशानियां खड़ी हो सकती हैं।




Add comment