Edinbox Hindi

सिनेमा में योगदान के लिए मिथुन चक्रवर्ती को मिलेगा दादा साहब फाल्के पुरस्कार

दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। उन्हें इस साल ‘दादा साहब फाल्के पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। इसकी घोषणा एक ट्वीट के माध्यम से केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की है। मिथुन को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस समारोह का आयोजन 8 अक्तूबर 2024 को होगा।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर लिखा, ‘यह घोषणा करते हुए मुझे गर्व हो रहा है कि दादा साहब फाल्के चयन जूरी ने दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को भारतीय सिनेमा में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए यह पुरस्कार देने का फैसला किया है। 8 अक्टूबर को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।’

उन्होंने ट्वीट के साथ लिखा है, ‘मिथुन चक्रवर्ती की उल्लेखनीय सिनेमाई यात्रा पीढ़ियों को प्रेरित करती है। उन्हें यह सम्मान भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए दिया जा रहा है’! अभिनेता के लिए इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड का एलान होने पर उनके प्रशंसक बेहद खुश हैं।

मिथुन चक्रवर्ती ने अपने करियर में अब तक करीब 350 से भी अधिक फिल्मों में काम किया है। उन्होंने अलग-अलग भाषाओं की कई फिल्मों में काम किया जिनमें हिन्दी से लेकर बांग्ला, ओड़िया, भोजपुरी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, और पंजाबी फिल्में भी शामिल हैं। अभिनेता मिथुन न सिर्फ अभिनय, बल्कि एक्शन और डांसिंग में भी माहिर हैं। उनकी बॉलीवुड डेब्यू फिल्म दो अंजाने थी। इस फिल्म में उनका बहुत छोटा रोल था। इसके बाद उन्होंने तेरे प्यार में, प्रेम विवाह, हम पांच, डिस्को डांसर, हम से है जमाना, घर एक मंदिर, अग्निपथ, तितली, गोलमाल 3, खिलाड़ी 786 और द ताशकंद फाइल्स में काम किया।

हालांकि, मिथुन की फिल्में उनके करियर के शुरुआती दौर में खास कमाल नहीं कर पाईं। बताया जाता है कि अपनी मेहनत के बावजूद करियर की रफ्तार को देखकर वो उदास थे और निर्देशक बब्बर सुभाष ने उन्हें देखकर पूछा- क्या हुआ? इसपर एक्टर ने उन्हें बताया कि वह अपने काम में इतनी मेहनत कर रहे हैं लेकिन वो मुकाम उन्हें नहीं मिल पा रहा है जिसके लिए वह इतनी मेहनत कर रहे हैं। इसके बाद बी. सुभाष ने मिथुन को ‘डिस्को डांसर’ ऑफर किया और यहां से उनकी किस्मत ऐसी बदली कि फिर उन्होंने पलट कर नहीं देखा।

साल 1982 में रिलीज हुई इनकी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर दुनिया भर में 100 करोड़ का आकड़ा पार कर लिया था, जो उस समय की फिल्मों के लिए बड़ी बात थी।अभिनय के अलावा मिथुन चक्रवर्ती ने मार्शल आर्ट की एक्सपर्ट ट्रेनिंग ली है और वह ब्लैक बेल्ट भी है। मिथुन 80 के दशक के लोकप्रिय अभिनेता रहे हैं। उन्होंने हिंदी फिल्मों में डांस को एक नई पहचान दी थी। एक दौर था जब फिल्म मिथुन के डांस से ही हिट हो जाती थी। 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed