
विदेश में पढ़ाई का सपना रखने वाले छात्रों के लिए ज़रूरी जानकारी
विदेश में पढ़ाई का सपना हर साल लाखों भारतीय छात्र देखते हैं। लेकिन यह सफर आसान नहीं होता, खासकर तब जब लक्ष्य दुनिया की उन यूनिवर्सिटीज़ को चुनना हो, जहां दाख़िला मिलना बेहद चुनौतीपूर्ण है। ये वे संस्थान हैं जिनके ग्रेजुएट्स को विश्वभर की कंपनियों में सबसे अधिक मांग मिलती है। इसलिए इन यूनिवर्सिटीज़ का एडमिशन पैटर्न और प्रवेश प्रक्रिया समझना ज़रूरी है।
सरकारी एजेंसी IPEDS, एडमिशन रिपोर्ट्स और एडुरैंक के डेटा के आधार पर उन पाँच यूनिवर्सिटीज़ की सूची तैयार की गई है, जिन्हें दुनिया की सबसे कठिन प्रवेश प्रक्रिया वाली यूनिवर्सिटीज़ माना जाता है। इन संस्थानों में केवल अच्छे नंबर ही काफी नहीं होते, बल्कि संपूर्ण प्रोफ़ाइल, इंटरव्यू, टेस्ट स्कोर और एक्स्ट्रा-करिकुलर उपलब्धियों को भी बराबर महत्त्व दिया जाता है।
ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी
यूनाइटेड किंगडम की ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी इस सूची में शीर्ष पर है। यहां बैचलर्स स्तर पर कई कोर्सों का एक्सेप्टेंस रेट बेहद कम है। सबसे कठिन कोर्स BA/MMath in Mathematics and Statistics है, जिसका एक्सेप्टेंस रेट सिर्फ 3.5% है। दाखिले के लिए मैथ्स में उच्च ग्रेड के साथ यूनिवर्सिटी का Math Admission Test (MAT) पास करना जरूरी है, जिसकी अवधि 2 घंटे 30 मिनट होती है।
कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी
लगभग 90 नोबेल विजेताओं को शिक्षा दे चुकी कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी भी कठिन प्रवेश प्रक्रिया के लिए जानी जाती है। यहां BA in Computer Science सबसे कठिन कोर्स है, जिसका एक्सेप्टेंस रेट 9.3% है। स्कूल स्तर पर लगभग सभी विषयों में A ग्रेड की जरूरत होती है। यहां गणित और फर्दर मैथमैटिक्स पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
स्टैनफर्ड यूनिवर्सिटी
दुनिया की शीर्ष अमेरिकी यूनिवर्सिटीज़ में से एक स्टैनफर्ड में भी दाख़िला मिलना बेहद मुश्किल है। 2025 में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए एक्सेप्टेंस रेट 3.9% था, जो 2026 में घटकर 3.6% रह गया। यहां कंप्यूटर साइंस सबसे लोकप्रिय कोर्स है। SAT या ACT स्कोर ज़रूरी है, हालांकि यूनिवर्सिटी कोई न्यूनतम स्कोर तय नहीं करती।
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी
अमेरिका की हार्वर्ड यूनिवर्सिटी भी बेहद कम एक्सेप्टेंस रेट के लिए जानी जाती है। 2028 के बैच के लिए 54,008 एप्लिकेशंस आए, जिनमें से केवल 1,970 को एडमिशन मिला — एक्सेप्टेंस रेट 3.65%। यहां सोशल साइंस सबसे लोकप्रिय फील्ड है। SAT/ACT के अलावा LOR, इंटरव्यू और एक्स्ट्रा-करिकुलर गतिविधियों को भी बराबर महत्व दिया जाता है।
सिडनी यूनिवर्सिटी
करीब 200 साल पुरानी ऑस्ट्रेलिया की यह यूनिवर्सिटी भी कठिन एडमिशन प्रक्रिया के लिए जानी जाती है। यहां आर्ट्स और ह्यूमैनिटीज के कोर्स सबसे लोकप्रिय हैं। बैचलर ऑफ आर्ट्स प्रोग्राम के लिए IB डिप्लोमा में 26 पॉइंट्स की जरूरत होती है। IELTS में कुल 6.5 बैंड और हर सेक्शन में कम से कम 6.0 बैंड होना अनिवार्य है।
अगर आप इन शीर्ष संस्थानों में प्रवेश पाना चाहते हैं, तो मजबूत अकादमिक प्रदर्शन, अच्छी प्रोफ़ाइल और अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेस्ट स्कोर्स की तैयारी करना बेहद जरूरी है। ये यूनिवर्सिटीज़ सिर्फ छात्रों को नहीं चुनतीं, बल्कि हर साल आने वाले लाखों आवेदकों में से कुछ ही लोगों को अवसर देती हैं। सही दिशा में की गई तैयारी से आप भी इस प्रतिस्पर्धा को मात दे सकते हैं।




Add comment