Edinbox Hindi
जेसी बोस यूनिवर्सिटी में मीडिया छात्रों के लिए शीतकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम, मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

जेसी बोस यूनिवर्सिटी में मीडिया छात्रों के लिए शीतकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम, मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

जेसी बोस यूनिवर्सिटी में मीडिया छात्रों के लिए शीतकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम, मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण

फरीदाबाद स्थित जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग में शीतकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हो गई। 15 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण सत्र में मीडिया और विजुअल कम्युनिकेशन के 40 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को बदलते मीडिया परिदृश्य के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि वे आने वाले समय की चुनौतियों के लिए खुद को सक्षम बना सकें।

उद्घाटन सत्र में गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. संजय कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि वाईएमसीए के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार विशिष्ट अतिथि रहे।

प्रो. संजय कौशिक ने छात्रों को प्राचीन और रचनात्मक कहानियों के जरिए थ्योरी और प्रैक्टिकल के संतुलन का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य युवाओं की मेहनत और समर्पण पर आधारित है। यदि कार्य में ईमानदारी, अनुशासन और जज्बा हो, तो देश इस लक्ष्य को निर्धारित समय से पहले भी हासिल कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शब्दों के चयन में जिम्मेदारी बरतने की सलाह दी और कहा कि एक मीडियाकर्मी के लिए राष्ट्र की प्रतिष्ठा सर्वोपरि होनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन संचार क्लब की अध्यक्ष तनिष्का नंदा ने किया। दृश्य क्लब की अध्यक्ष पलक अरोड़ा और ऋचा जैन ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह इंटर्नशिप छात्रों को वास्तविक मीडिया कार्यप्रणाली से रूबरू कराने का एक मजबूत अवसर है। उनका कहना था कि तेजी से बदलती तकनीक के बीच इस तरह का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार कौशल विकसित करने में मदद करता है।

विशिष्ट अतिथि प्रो. राजीव कुमार ने कहा कि मीडिया उद्योग लगातार बदलाव के दौर से गुजर रहा है और इसके साथ नई चुनौतियां भी जुड़ रही हैं। ऐसे में इंटर्नशिप ही वह माध्यम है, जो छात्रों को ग्राउंड अनुभव प्रदान कर उनके करियर को सही दिशा दे सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को सफल प्रशिक्षण की शुभकामनाएं दीं।

शिवानी पांडेय, जिन्होंने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपने विचार रखे, ने कहा कि कैमरा, वीडियो एडिटिंग, रिपोर्टिंग और प्रिंट मीडिया की वास्तविक दुनिया में उतरकर ही विद्यार्थी यह समझ पाते हैं कि वे किस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक बदल सकती है, लेकिन एक मीडियाकर्मी का मूल उद्देश्य हमेशा समाजहित और लोक-कल्याण होना चाहिए।

विभागाध्यक्ष प्रो. पवन सिंह ने बताया कि विभाग पिछले तीन वर्षों से ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश में इस तरह की इंटर्नशिप आयोजित करता आ रहा है। इस दौरान विद्यार्थी फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, एडिटिंग, पेज मेकिंग, डिजाइनिंग, ग्राफिक्स, एनिमेशन, थ्रीडी और फिल्म मेकिंग जैसे कौशलों की गहन समझ विकसित करेंगे। साथ ही विशेषज्ञों के विशेष व्याख्यान भी समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में असिस्टेंट प्रोफेसर सोनिया हुड्डा ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और आयोजन टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

एडइनबॉक्स टीम

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed