
CUET-UG में 100 परसेंटाइल स्कोर करने वाली अंतरा पाण्डेय का इंटरव्यू
एक बेहद खास और प्रेरणादायक शख्सियत— अंतरा पाण्डेय। अमेठी के फुरसतगंज स्थित फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (FDDI) में कार्यरत नलिन पांडे की पुत्री अंतरा ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) 2025 में बायोलॉजी विषय में 100 परसेंटाइल स्कोर कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
देशभर से इस प्रतिष्ठित परीक्षा में 10.7 लाख विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिनमें से केवल 2679 छात्र ही 100 परसेंटाइल प्राप्त कर पाए। इस कठिन प्रतिस्पर्धा में अंतरा की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
उनकी माँ भूमिका पाण्डेय के अनुसार, यह उपलब्धि अंतरा की कड़ी मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास का परिणाम है। अंतरा का सपना एक वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा करना है — और आज उनके इस सफर की शुरुआत का हम साक्षात्कार करने जा रहे हैं। उनसे बात की एडइनबॉक्स के संपादक रईस अहमद ‘लाली’ ने।
चलिए, जानते हैं अंतरा की इस प्रेरणादायक यात्रा के बारे में, उन्हीं की ज़ुबानी।
प्रश्न 1. अंतरा, सबसे पहले आपको इस उपलब्धि पर बहुत बधाई! कैसा लग रहा है?
उत्तर: बहुत अच्छा लग रहा है। यह मेरी मेहनत और मेरे माता-पिता के आशीर्वाद का नतीजा है। खुशी है कि मैंने उनके विश्वास को कायम रखा।
प्रश्न 2. CUET-UG की तैयारी आपने कब और कैसे शुरू की थी?
उत्तर: मैंने 12वीं क्लास से ही नींव मजबूत करना शुरू कर दिया था। नियमित पढ़ाई, एनसीईआरटी पर फोकस और मॉक टेस्ट मेरी तैयारी का अहम हिस्सा रहे।
प्रश्न 3. बायोलॉजी में 100 परसेंटाइल लाना बेहद कठिन होता है। आपकी रणनीति क्या रही?
उत्तर: बायोलॉजी मुझे शुरू से पसंद रहा है। मैंने हर चैप्टर को गहराई से पढ़ा, चार्ट्स और डायग्राम्स से याद किया, और NCERT को 3-4 बार दोहराया।
प्रश्न 4. आपने किसी कोचिंग की मदद ली या सेल्फ स्टडी पर भरोसा किया?
उत्तर: मैंने सीमित ऑनलाइन कोचिंग ली, लेकिन मुख्य रूप से सेल्फ स्टडी की। खुद पर भरोसा और अनुशासन सबसे अहम रहा।
प्रश्न 5. पढ़ाई के दौरान समय प्रबंधन और तनाव को कैसे हैंडल किया?
उत्तर: समय का शेड्यूल बनाकर चलती थी। बीच-बीच में ध्यान, योग और परिवार से बात करके मानसिक संतुलन बनाए रखा।
प्रश्न 6. आपके माता-पिता की भूमिका इस यात्रा में कितनी महत्वपूर्ण रही?
उत्तर: मेरी माँ भूमिका पाण्डेय और पापा नलिन पांडे ने मुझे हमेशा मोटिवेट किया। जब भी थकान महसूस होती, उनका साथ मुझे ऊर्जा देता था।
प्रश्न 7. आपने वैज्ञानिक बनने का सपना क्यों चुना?
उत्तर: मुझे हमेशा से शोध में रुचि रही है। मैं बायोलॉजिकल रिसर्च में योगदान देना चाहती हूँ, खासकर देश की स्वास्थ्य और पर्यावरण व्यवस्था के लिए।
प्रश्न 8. भविष्य में आप किस यूनिवर्सिटी या संस्थान को चुनना चाहेंगी?
उत्तर: मेरा लक्ष्य देश के टॉप रिसर्च इंस्टीट्यूट्स, जैसे IISc बेंगलुरु या JNU की लाइफ साइंसेज फैकल्टी में जाना है।
प्रश्न 9. सोशल मीडिया या अन्य distractions से आपने कैसे दूरी बनाई?
उत्तर: मैंने सोशल मीडिया को एक टारगेट के बाद ही देखने का नियम बनाया। पढ़ाई के समय उसे दूर रखा।
प्रश्न 10. अंत में, CUET की तैयारी कर रहे छात्रों को आप क्या संदेश देना चाहेंगी?
उत्तर: एकाग्रता और निरंतरता सबसे बड़ी कुंजी है। हर दिन कुछ नया सीखने की कोशिश करें। और सबसे जरूरी – खुद पर विश्वास रखें।




Add comment