
भारतीय प्राैद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई)-एडवांस्ड के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। इसमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली क्षेत्र के वेद लाहोटी ने 360 में से 355 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। आईआईटी संस्थानों में प्रवेश के लिए कुल 48,248 उम्मीदवारों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिनमें 7,964 छात्राएं हैं।
रिजल्ट के बाद जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है, वे आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी समेत केंद्र से वित्तपोषित 114 उच्च शिक्षण संस्थानों में इंजीनियरिंग में दाखिले के लिए संयुक्त सीट आवंटन प्राधिकरण (JoSAA) काउंसलिंग 2024 के लिए पात्र होंगे। इसके लिए पंजीकरण भी आज 0 जून से josaa.nic.in पर शुरू हो गया है।
इस बार संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई)-एडवांस्ड परीक्षा आयोजित करने वाले आईआईटी मद्रास के अनुसार, आईआईटी बंबई जोन की द्विजा धर्मेशकुमार पटेल को 360 में 322 अंक मिले और वह छात्राओं में शीर्ष स्थान पर रहीं। देशभर में वह सातवें स्थान पर रहीं।
शीर्ष 10 उम्मीदवारों में आदित्य (आईआईटी दिल्ली क्षेत्र), भोगलपल्ली संदेश (आईआईटी मद्रास क्षेत्र), रिदम केडिया (आईआईटी रूड़की क्षेत्र), पुट्टी कुशल कुमार (आईआईटी मद्रास), राजदीप मिश्रा (आईआईटी बंबई जोन), कोदुरी तेजेश्वर (आईआईटी मद्रास ज़ोन), ध्रुवी हेमंत दोशी (आईआईटी बंबई जोन) और अल्लादाबोना एसएसडीबी सिधविक सुहास (आईआईटी मद्रास जोन) शामिल हैं।




Add comment