Edinbox Hindi

Apple और OpenAI की पार्टनरशिप से Elon Musk नाराज, एपल डिवाइस बैन करने की दी धमकी  

टेस्ला सीईओ एलन मस्क ने एपल और चैटजीपीटी मेकर ओपनएआई की पार्टनरशिप के बाद एक बड़ा एलान किया है। मस्क ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर दोनों कंपनियों की इस पार्टनरशिप को लेकर नाराजगी जताई है। मस्क का कहना है कि एपल डिवाइस के साथ चैटजीपीटी का इस्तेमाल सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

गौरतलब है कि एपल के सीईओ टिम कुक ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट किया था। इस पोस्ट में कुक ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) को एपल डिवाइस में और बेहतर करने का एलान करते हुए चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई के साथ साझेदारी का एलान किया। 

इस एलान के कुछ घंटे बाद ही एलन मस्क ने टिम कुक के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि ‘एपल की डिवाइस में चैटजीपीटी नहीं चाहिए। या तो इस घटिया सॉफ्टवेयर को एपल डिवाइस में इंटीग्रेट करने पर रोक लगनी चाहिए या फिर वह अपनी कंपनी के परिसर में एपल डिवाइस को इस्तेमाल करने पर ही प्रतिबंध लगा देंगे।’ 

इतना ही नहीं, मस्क़ ने कहा- मेरी कंपनी में विजिट करने वाले विजिटर्स को भी अपने एपल डिवाइस दरवाजे पर भी छोड़ कर आने होंगे। जहां, इन डिवाइस को दरवाजे पर चेक किया जाएगा और बाहर ही एक पिंजरे में रख दिया जाएगा।

मस्क ने सवाल उठाया कि ‘क्या एपल जैसी कंपनी इतनी काबिल नहीं है कि वह खुद का आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस बना सके। एपल को पता नहीं है कि असल में क्या चल रहा है। एक बार एपल आपका डाटा ओपनएआई को देगी और इसे बेच देंगे।’

तकनीक की दिग्गज कंपनी एपल ने अपने आईफोन, आईपैड, मैक आदि में सोमवार से एपल इंटेलीजेंस का इस्तेमाल शुरू करने का एलान किया। यह एक तरह का निजी इंटेलीजेंस सिस्टम बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एपल इंटेलीजेंस एपल सिलिकॉन की ताकत को बढ़ाएगा, जिससे लोगों को काफी सुविधाएं मिलेंगी।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed