
बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा की नयी तिथि घोषित कर दी है। इस परीक्षा का आयोजन अब 19 से 22 जुलाई के बीच होगा। पहले 27 से 29 जून के बीच परीक्षा आयोजित करने का शेड्यूल जारी किया गया था, लेकिन अब इसमें बदलाव किया गया है। बीपीएससी ने इस संबंध में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है।
बता दें कि तीसरे चरण की भर्ती परीक्षा के लिए कई दफा तिथि में बदलाव किया गया है। इसके पहले आयोग ने 27 से 29 जून तक परीक्षा लेने के लिए सभी जिलों के डीएम को पत्र भेजा था। बीपीएससी ने बताया है कि अतिथि शिक्षकों को आवेदन का मौका चार से 10 जून तक दिया गया था। इसमें काफी संख्या में आवेदन मिले हैं। तीसरे चरण की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा के जरिए 87 हजार से अधिक शिक्षक पदों पर बहाली की जाएगी।
अभी तक तीसरे चरण की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा में तीन बार तिथि में बदलाव किया गया है। तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती के लिए बीपीएससी की ओर से राज्य भर के विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन 15 मार्च को किया गया था। परीक्षा दो पालियों में समाप्त हुआ था, लेकिन पेपर लीक होने के कारण आयोग ने परीक्षा को रद्द कर दिया था। इसके बाद से रद्द परीक्षा को कराने में लगातार परेशानी हो रही है। इस बार अतिथि शिक्षकों की वजह से तिथि में बदलाव हुआ है। अब परीक्षा का आयोजन दोबारा से किया जा रहा है।
तीसरे चरण के तहत 87,774 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। जिन जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे उनमें भोजपुर, बक्सर, रोहतास, नालन्दा, गया, नवादा, जहानाबाद, औरंगाबाद, मुंगेर, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, बांका, भागलपुर, सहरसा, कटिहार, पूर्णियां, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढी, वैशाली, पूर्वी चम्पारण, पश्चिमी चम्पारण, सारण, सीवान और गोपालगंज शामिल हैं।
आयोग द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र निर्धारित समय पर जारी किया जाएगा। बता दें कि इस प्रवेश पत्र को बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा, जिसे अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि के जरिए डाउनलोड कर सकेंगे।
आयोग की ओर से संशोधित परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया गया है। इसमें आयोग ने कुछ परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया है। बीपीएससी 70वीं प्रारंभिक परीक्षा सितंबर में संभावित है। हालांकि इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है और न ही पदों की संख्या बताई गई। चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति परीक्षा 24 अगस्त में संभावित है। इसकी भी रिक्तियों की कोई जानकारी नहीं है।




Add comment