
राजस्थान सरकार ने तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का बड़ा फैसला लिया है। तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती में महिलाओं को अब तक 30 प्रतिशत आरक्षण मिल रहा है। सरकार ने इसमें 20 प्रतिशत इजाफा करने का निर्णय लिया है। इस फैसले को लागू करने के लिए राज्य सरकार को राजस्थान पंचायती राज अधिनियम में संशोधन करना होगा। इसके बाद ही 50 प्रतिशत आरक्षण का फायदा महिलाओं को तृतीय श्रेणी की शिक्षक भर्ती मिल पाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।
आरक्षण बढ़ाए जाने के इस फैसले का एलान करते हुए राज्य के सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स में लिखा कि सरकार बनने के बाद संकल्प पत्र का एक और वादा पूरा किया गया। नारी शक्ति के सशक्तिकरण की दिशा में राजस्थान सरकार का ये बड़ा निर्णय है। साथ ही उन्होंने कहा कि आरक्षण के बढ़ाए जाने के इस निर्णय से महिलाओं के रोजगार के साधन बढ़ेंगे। उनकी तरक्की के मार्ग और खुलेगें।
बता दें कि लोकसभा चुनावों के खत्म होने के बाद भजनलाल शर्मा लगातार एक के बाद एक बड़े फैसले ले रहे हैं। इससे पहले किसानों को सम्मान निधि के रूप में राज्य सरकार की तरफ दो हजार रुपये सालाना दिए जाने का निर्णय भी लिया जा चुका है। शिक्षा विभाग में थर्ड ग्रेड शिक्षक के 29,272 पद रिक्त हैं, जिसकी सूची राजस्थान एजुकेशन डिपार्टमेंट की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जा चुकी है।
कहा जा रहा है कि अब जल्द ही अधीनस्थ कर्मचारी चयन बोर्ड राजस्थान 3rd शिक्षक भर्ती 2024 के लिए नोटिफिकेशन जारी करेगा। थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती के द्वारा प्राथमिक शिक्षक और उच्च प्राथमिक शिक्षक के रिक्त पदों को भरा जाएगा। शिक्षा विभाग में रिक्त पदों की डीपीसी मार्च में शुरू की गई और चार अप्रैल को राजस्थान थर्ड ग्रेड टीचर भर्ती के 29,272 रिक्त पदों की सूची वेबसाइट पर जारी की गई है।




Add comment