
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मिर्जापुर थाना क्षेत्र स्थित 121 एकड़ में बनी ग्लोकल यूनिवर्सिटी (Glocal University) को ईडी ने जब्त कर लिया है। यह यूनिवर्सिटी बसपा के पूर्व एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल की है। ED ने अवैध खनन केस के मामले में इसे कुर्क किया है। इस यूनिवर्सिटी की जमीन और बिल्डिंग की कीमत 4440 करोड़ रुपये है। यह अब्दुल वाहिद एजुकेशनल व चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम पर है। इसका नियंत्रण, प्रबंधन और संचालन मोहम्मद इकबाल और उसके परिवार के सदस्य करते हैं।
ईडी ने करीब 10 वर्ष पूर्व मोहम्मद इकबाल के खिलाफ सीबीआई की खनन घोटाले की एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज करते हुए जांच शुरू की थी। अब इस मामले पर कार्रवाई की गई है। ED ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है कि अब्दुल वाहिद एजुकेशनल व चैरिटेबल ट्रस्ट पूर्व MLC मोहम्मद इकबाल व उनके परिवार के द्वारा कंट्रोल व मैनेज किया जाता है।
दरअसल, पूर्व MLC मोहम्मद इकबाल उर्फ हाजी इकबाल के ऊपर खनन के जो केस चल रहे हैं, उनमें मोहम्मद इकबाल फरार है। उसके दुबई में पनाह लिए होने की ख़बरें हैं। उसके खिलाफ देश भर की करीब एक दर्जन से ज्यादा एजेंसियां जांच कर रही हैं। पूर्व एमएलसी के चार बेटे और छोटा भाई पहले ही जेल में हैं। ED मोहम्मद इकबाल की जमीन और मकान कुर्क कर चुकी है और लगातार कार्रवाई जारी है।
मोहम्मद इकबाल की ग्लोबल यूनिवर्सिटी की 4440 करोड़ की बिल्डिंग को अटैच करने के बाद कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि मुख्यमंत्री के सख्त आदेश हैं कि जो आपराधिक किस्म के लोग हैं या जिन्होंने गुंडागर्दी करके किसी प्रकार की संपत्ति अर्जित की है, उस पर कार्रवाई की जाए।
DM ने कहा कि हाजी इकबाल उत्तर प्रदेश के माफियाओं की श्रेणी में है, जिस पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जो पुराने गैंगस्टर के मामले थे या अन्य मामले थे, उसकी संबंधित न्यायालय को रिपोर्ट भेजी गई है। उसमें 506 करोड़ की संपत्ति को न्यायालय के अंतर्गत भेजा गया है, एक दो और प्रकरण हैं, उसकी सुनवाई की जा रही है।




Add comment