Edinbox Hindi

बिहार में 17 छात्रों ने की थी नीट परीक्षा में गड़बड़ी, NTA ने आगामी परीक्षा से किया वंचित

नीट यूजी (NEET UG 2024) परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक की जांच के बीच अब NTA की ओर से 17 छात्र उम्मीदवारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और उन्हें आगामी परीक्षा से वंचित कर दिया गया है। NTA की ओर से की गई जांच के बाद बिहार के केंद्रों से 5 मई को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा में शामिल हुए 17 अभ्यर्थियों को कदाचार का पता चलने के बाद परीक्षा से बाहर कर दिया गया। राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए ने भी इस संबंध में जांच करते हुए छात्र उम्मीदवारों की ओर से गड़बड़ी करने की पुष्टि की है।

इस बीच, एनटीए यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से रविवार को 1,563 उम्मीदवारों के लिए फिर से परीक्षा आयोजित की गई, जिन्हें पहले कम परीक्षा समय मिलने के कारण ग्रेस अंक दिए गए थे। इन 1,563 उम्मीदवारों में से केवल 813 छात्र यानी लगभग 52 प्रतिशत छात्र ही दोबारा परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा देने वाले छात्रों को संशोधित अंक जारी किए जाएंगे। वहीं जिन छात्रों ने दोबारा परीक्षा नहीं दी है, उन्हें अब उनके पुराने मूल अंक दिए जाएंगे, जो बिना ग्रेस अंकों के अंक हैं। 

आंकड़ों के अनुसार चंडीगढ़ के दो उम्मीदवारों में से कोई भी परीक्षा में शामिल नहीं हुआ। हरियाणा से 494 में से 287 छात्र, छत्तीसगढ़ से कुल 602 में से 291 छात्र, गुजरात से 1 छात्र, और मेघालय के तुरा से 234 छात्र परीक्षा में शामिल हुए।

बता दें कि हाल ही में नीट पीजी परीक्षा को भी स्थगित कर दिया गया है। रविवार, 23 जून को परीक्षा का आयोजन होना था लेकिन उसके कुछ ही घंटों पहले नीट पीजी एग्जाम को टाल दिया गया है। नीट यूजी में गड़बड़ी के मामले सामने आने के बाद NTA ने यह कदम उठाया है और कहा है कि जल्द ही परीक्षा के लिए नई तिथि की घोषणा की जाएगी।

इस बीच भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) ने नीट-यूजी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच सीबीआई को सौंपने के सरकार के फैसले का स्वागत किया है। आईएमए ने परीक्षा को लेकर विवादों पर तत्काल प्रतिक्रिया देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय का आभार जताया। आईएमए ने यह भी कहा कि वह राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक को हटाने के लिए सरकार का आभारी है। 
 
गौरतलब है कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पांच मई को आयोजित नीट-यूजी में कथित अनियमितताओं के संबंध में रविवार को प्राथमिकी दर्ज की। सीबीआई ने यह कार्रवाई तब की है, जब एक दिन पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपी है।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed