Edinbox Hindi

मीडिया दिग्गज प्रो. उज्ज्वल के. चौधरी प्रतिष्ठित इवेंटेक्स अवार्ड्स की जूरी में शामिल

मीडिया और संचार के क्षेत्र में ख्यात प्रो. उज्ज्वल के. चौधरी का ग्लोबल इवेंटेक्स अवार्ड्स 2025 संस्करण के लिए जूरी सदस्य के रूप में चयन किया गया है। ग्लोबल  इवेंटेक्स अवार्ड्स इवेंट और अनुभव मार्केटिंग के लिए दुनिया के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित सम्मान में शुमार है। इस सम्मान के निर्णायकों में शामिल होना प्रो. चौधरी की इवेंट इंडस्ट्री में व्यापक विशेषज्ञता और दमदार भूमिका का परिचायक है। प्रो. उज्ज्वल के चौधरी एडइनबॉक्स (EdInbox) के भी सम्पादकीय प्रमुख हैं।

गौरतलब है कि इवेंटेक्स अवॉर्ड्स की पहचान इवेंट इंडस्ट्री में उत्कृष्टता के लिए एक वैश्विक मानक के रूप में है। इवेंट इंडस्ट्री के लिए हर वर्ष इसके तहत कई श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किये जाते हैं। मसलन, इवेंट पंजीकरण प्रौद्योगिकी, इवेंट टिकटिंग सोल्युशन के लिए पुरस्कार, सम्मेलन प्रौद्योगिकी, प्रदर्शनी प्रौद्योगिकी व वर्चुअल इवेंट प्लेटफॉर्म आदि के लिए अवार्ड इसमें शामिल हैं। इवेंट तकनीक को मान्यता और उत्कृष्टता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता इवेंटेक्स की पहचान है। 

इवेंटएक्स अवार्ड्स 2025 के लिए जजों के पैनल में शामिल अन्य 15 हस्तियों में अन्नामारिया रफ़िनी, ब्रांट क्रुगर, डॉ. जेम्स मॉर्गन और लॉरा श्वार्टज़ जैसे प्रमुख पेशेवरों के भी नाम हैं। वे विभिन्न श्रेणियों में प्रविष्टियों का मूल्यांकन करेंगे, जिसमें इवेंट प्लानिंग, प्रोडक्शन और इनोवेशन (नवाचार) में उत्कृष्टता को मान्यता देना शामिल है। पैनल में शामिल दुनिया भर के उद्योग विशेषज्ञ और विचारवान हस्तियां निर्णय प्रक्रिया के अनुभव और विशेषज्ञता को दर्शाते हैं। विजेताओं की घोषणा 22 सितंबर, 2024 को बुल्गारिया के सोफिया में इवेंटेक्स अवार्ड्स समारोह में की जाएगी।

जूरी सदस्य के रूप में प्रो. उज्ज्वल के. चौधरी का चयन इस उद्योग में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करता है। वे प्रविष्टियों का मूल्यांकन करने और एक्सपीरियंस मार्केटिंग में उत्कृष्ट अभियानों को सम्मानित करने के लिए उद्योग विशेषज्ञों के पैनल में शामिल होंगे। अपने दूरदर्शी दृष्टिकोण और मीडिया शिक्षा में अपने अग्रणी कार्यों के लिए पहचाने जाने वाले प्रो. उज्ज्वल के. चौधरी ने पारंपरिक मीडिया प्रथाओं की सीमाओं को लगातार आगे बढ़ाया है। उनकी मौजूदा उपलब्धि इस क्षेत्र में एक विचारवान लीडर के रूप में उनकी स्थिति को और मजबूत करती है। 

बता दें कि प्रो. उज्ज्वल के चौधरी वर्तमान में वर्जीनिया स्थित वाशिंगटन यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में ग्लोबल मार्केटिंग, अंतर्राष्ट्रीय संबंध और मीडिया-डिजाइन शिक्षा के उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वे कोलकाता स्थित एडमास यूनिवर्सिटी के प्रो वाइस चांसलर, भारत में सिम्बायोसिस और एमिटी यूनिवर्सिटी, पर्ल एकेडमी और व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल के डीन रह चुके हैं। वे एम्स्टर्डम फिल्म स्कूल के डीन और बांग्लादेश के डैफोडिल इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के रणनीतिक सलाहकार भी रहे हैं। उन्होंने विश्व स्वास्थ्य संगठन, टाइम्स ऑफ इंडिया समूह, जी न्यूज और बिजनेस वर्ल्ड में अपनी सेवाएं दी है। वे पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश सीमा के सुंदरबन इलाके में हाशिए पर पड़े मछुआरों के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए एक स्कूल भी चलाते हैं।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed