
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि नीट यूजी और पीजी परीक्षाओं को लेकर जो अनिश्चितता बनी हुई है, इसका जल्द स्थाई समाधान होना चाहिए।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि देश में समय-समय पर होने वाली कई प्रमुख परीक्षाओं की शुचिता के साथ ही वर्तमान में नीट-यूजी और पीजी परीक्षाओं को लेकर जो अनिश्चितता बनी है, उससे लोगों में चिंता और आक्रोश फैला है। इसका जल्द ही स्थाई समाधान करना ज़रूरी है।
उन्होंने आगे लिखा, राष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं बल्कि यूपी समेत सभी राज्यों में आयोजित होने वाली परीक्षाओं में पेपर लीक और सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार का मामला भी बहुत गंभीर और चिंता का विषय है। इन समस्याओं के प्रति किसी प्रकार की सरकारी लापरवाही या राजनीति सही नहीं है। इसे रोकने के लिए सख़्त कदम उठाने की जरुरत है।
बता दें कि नीट यूजी 2024 की परीक्षा पांच मई को हुई थी, जिसमें करीब 24 लाख छात्र शामिल हुए थे। परिणाम चार जून को घोषित किए गए, लेकिन इसके बाद अनियमितताओं के अलावा पेपर लीक के आरोप लगे। इस मुद्दे पर सीबीआई की जांच से लेकर स्पेशल कमेटी बनाने तक हरसंभव कार्रवाई की गई है। शिक्षा मंत्रालय ने इसके बाद 18 जून को आयोजित यूजीसी नेट परीक्षाओं को रद्द कर दिया। इसे लेकर विपक्ष लगातार मुखर रहा है। नीट परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर संसद में राहुल गांधी इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर चुके हैं।




Add comment