
मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआइ की जांच की आंच रांची के रिम्स तक पहुंच गयी है। अब सीबीआइ ने रांची रिम्स की एक छात्रा को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। इससे पहले सीबीआई पटना एम्स से भी चार मेडिकल स्टूडेंट्स को गिरफ्तार कर चुकी है।
रिम्स से गिरफ्तार मेडिकल की छात्रा सुरभि कुमारी एमबीबीएस 2023 बैच के सेकेंड ईयर में पढ़ती है। वह रामगढ़ की रहनेवाली है। वहीं पटना एम्स से गिरफ्तार चार मेडिकल स्टूडेंट में थर्ड ईयर में पढ़नेवाले सिवान निवासी चंदन सिंह, पटना निवासी कुमार शानू, धनबाद निवासी राहुल आनंद और सेकेंड ईयर में पढ़नेवाला अररिया निवासी करण जैन शामिल हैं। इन चारों को सीबीआइ ने पूछताछ के लिए चार दिनों की रिमांड पर लिया है।
राजेंद्र मेडिकल कॉलेज, रांची की छात्रा के मोबाइल फोन, लैपटॉप आदि को खंगाला जा रहा है। रिम्स के पीआरओ डॉ. राजीव रंजन ने कहा, “छात्रा 2023 बैच की है और वह अब सीबीआई की हिरासत में है। सीबीआइ ने शुरुआत में छात्रा से कुछ शुरुआती जानकारी के लिए प्रशासन से संपर्क किया था। उसके बाद कल उन्होंने उसी में आगे की जांच के लिए फिर से संपर्क किया और छात्रा को हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि सीबीआई द्वारा किसी भी अन्य जानकारी के लिए ही संपर्क किया जाता है। इस मामले में कॉलेज प्रशासन पूरा सहयोग करेगा। जब भी वे संपर्क करेंगे, उन्हें जो भी जानकारी की आवश्यकता होगी, दी जाएगी लेकिन हिरासत के बाद अब तक ऐसी कोई बात नहीं हुई है।”
बता दें कि नीट यूजी-2024 पेपर लीक मामले में झारखंड के किसी मेडिकल कॉलेज से यह पहली गिरफ्तारी है। सीबीआइ इस पूरे मामले के मास्टर माइंड संजीव मुखिया तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इसके लिए कुछ मेडिकल के छात्र और डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पटना एम्स से पहले जोधपुर एम्स के तीसरे वर्ष के छात्र हुकमा राम का नाम भी इस मामले में सामने आया है, हालांकि वह फिलहाल फरार है।




Add comment