Edinbox Hindi

छात्र पूरी बांह की शर्ट व फुल पैंट पहनकर आएं विद्यालय, डेंगू से बचाव के लिए निर्देश जारी

उत्तर प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों व उच्च प्राथमिक स्कूलों में विद्यार्थियों को अब पूरी बांह की शर्ट व फुल पैंट पहनकर आना होगा। यह कदम उन्हें डेंगू व मलेरिया से बचाने के लिए उठाया गया है। बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल की ओर से सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को निर्देश दिए गए हैं कि डेंगू व मलेरिया सहित अन्य संचारी रोगों से छात्रों को बचाने के लिए उन्हें जागरूक किया जाए और बचाव के सभी जरूरी उपाय किए जाएं।

विभाग ने कहा है कि स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक में दिमागी बुखार व जलजनित रोगों के प्रति अभिभावकों को जागरूक करें। पोस्टर, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन प्रतियोगिताओं से छात्रों को बचाव, पर्यावरणीय स्वच्छता को लेकर कार्यक्रम किया जाए। दिगामी बुखार व जलजनित रोगों से बचाव के लिए विद्यालय में प्रचार-प्रसार किया जाए।

उप शिक्षा निदेशक संजय कुमार उपाध्याय ने सभी बीएसए को निर्देश दिया है कि छात्रों की गतिविधियों में उनके अभिभावकों को शामिल किया जाए। विद्यालय में बेहतर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जाए। विद्यालय के आस-पास जलभराव न हो, इस पर ध्यान दिया जाए।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से एडवाइजरी जारी होने के बाद बेसिक शिक्षा निदेशक की ओर से सभी बीएसए को इन निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के आदेश दिए गए हैं। इसके तहत स्कूलों के आसपास भी वेक्टर जनित रोगों से लोगों को जागरूक किया जाएगा।

बता दें कि प्रदेश के कुल 1.34 लाख सरकारी प्राथमिक स्कूलों व उच्च प्राथमिक स्कूलों में 1.87 करोड़ विद्यार्थी पढ़ते हैं। अभी बीते महीने ही सभी अभिभावकों के खाते में स्कूली ड्रेस, जूता-मोजा व बस्ता इत्यादि खरीदने के लिए 1,200 रुपये भेजे गए हैं। ऐसे में प्रत्येक अभिभावक से संपर्क कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि विद्यार्थी फुल यूनिफार्म में आए।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed