
तमिलनाडु के सरकारी स्कूलों में जातीय संघर्ष की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। एक बार फिर एक ऐसा ही मामला राज्य के तिरुनेलवेली जिले से प्रकाश में आया है जहाँ छात्रों के दो समूहों के बीच हुई झड़प में दो छात्र घायल हो गए। घायल छात्रों को इलाज के लिए तिरुनेलवेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में 22 लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार यह झड़प तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के वल्लियूर स्थित सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्रों के बीच हुई। विवाद तब शुरू हुआ जब मंगलवार को एक जाति विशेष के छात्रों के समूह ने शौचालय की दीवार पर जातिगत टिपण्णी कर दूसरी जाति के छात्रों को अपमानित करने का प्रयास किया।
बताया गया है कि झगड़ा तब शुरू हुआ जब एक समुदाय ने शौचालय की दीवार पर अपनी जाति का नाम लिखकर दूसरे समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की। झगड़ा तब और बढ़ गया जब ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के छात्रों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। झड़प में शामिल छात्र पिछड़ा वर्ग (बीसी) और अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से हैं।
बहरहाल, घटना की सूचना मिलने पर वल्लियूर उप-मंडल के पुलिस उपाधीक्षक आर योगेश कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मी स्कूल पहुंचे और मामले की जांच की। योगेश कुमार ने बताया, “झड़प में शामिल प्रत्येक समूह के दस छात्रों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। बोर्ड के सदस्य उन्हें सलाह देंगे।”
गौरतलब है कि तमिलनाडु के सरकारी स्कूलों में जातिगत झड़पों की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। लगातार ऐसे मामले यहाँ से प्रकाश में आते रहे हैं। इसलिए, सीपीएम महासचिव के श्रीराम ने तमिलनाडु सरकार से सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए जिला, तालुक और स्कूल स्तर की समितियां बनाने को कहा है।




Add comment