Edinbox Hindi

कर्नाटक में भाजपा विधायक पर सरकारी स्कूल की करोड़ों की जमीन कब्ज़ाने का आरोप 

आम आदमी पार्टी (आप) की कर्नाटक इकाई ने आरोप लगाया है कि भाजपा विधायक बायरथी बसवराज ग्रेटर बेंगलुरु क्षेत्र में केआर पुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भट्टाराहल्ली गवर्नमेंट बॉयज स्कूल की छह एकड़ से ज़्यादा जमीन पर अवैध कब्ज़ा करने की कोशिश कर रहे हैं जिसकी कीमत सैकड़ों करोड़ रुपये है।

उक्त आरोप के साथ ‘आप’ नेताओं ने प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा मंत्री मधु बंगरप्पा से भी मुलाकात की है और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें सरकार से स्कूल की जमीन को अवैध अतिक्रमण से बचाने का आग्रह किया गया है।

‘आप’ के राज्य संगठन सचिव मोहन दासारी के अनुसार, आप नेताओं ने जब स्थल का दौरा किया, तब यह खुलासा हुआ कि बेंगलुरु-कोलार राजमार्ग से सटी जमीन पर अवैध तरीके से कब्ज़ा किया गया है। यह जमीन मूल रूप से वर्ष 2020 तक पहानी के एक प्राथमिक विद्यालय की थी। लगभग 50 साल पहले इस जमीन को विद्यालय को दान किया गया था। लेकिन फर्जी दस्तावेजों की मदद से कथित भूमि हड़पने वालों ने अब यहाँ ढांचा निर्माण शुरू कर दिया है। 

आप नेता ने बताया कि जैसे ही वे मंत्री मधु बंगारप्पा से मिले, उन्होंने तुरंत महाधिवक्ता को फोन किया और उनसे बात की। उन्होंने भूमि पर अवैध कब्ज़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया है। आप के बेंगलुरु शहर अध्यक्ष सतीश ने कहा, “आप नेता दिलीप पर झूठे मामले में मामला दर्ज किया गया है और उन्हें जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं। हम इस धमकी से नहीं डरते हैं और अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे।”

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed