
हरियाणा बोर्ड आर्टफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई (AI) के साथ शिक्षा के क्षेत्र में एक नवीन पहल करने जा रहा है। अगर सबकुछ प्लान के मुताबिक हुआ तो अगले साल यानी 2025 से हरियाणा बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से चेक की जाएंगी। देश में यह पहली बार किसी बोर्ड द्वारा एआई के जरिए मूल्यांकन व्यवस्था को लागू करने का मामला होगा। हरियाणा बोर्ड के इस कदम से बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट आने में भी देरी नहीं होगी। साथ ही इससे कॉपियां चेक करने के दौरान होने वाली गलतियों की आशंका भी कम होगी।
बहरहाल, इस पहल का एक फायदा यह भी होगा कि मार्क्स देने और काटने में टीचर्स की मनमानी नहीं चलेगी। अक्सर टीचर्स पर कॉपियों की चेकिंग में लापरवाही के आरोप लगते रहे हैं। अब सॉफ्टवेयर तय करेगा कि दिए गए नंबर सही हैं या नहीं। जानकारी के मुताबिक मार्च 2023-24 में ही 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाओं में ऑनलाइन मूल्यांकन व्यवस्था लागू की जानी थी, जो किसी कारणवश हो नहीं पाया। इसके बाद कंपार्टमेंट परीक्षाओं का मूल्यांकन ऑनलाइन किया गया, जिससे इस कार्य में समय काफी काम लगा और रिजल्ट 10 दिनों में ही जारी हो गए। अब अगले साल से इस व्यवस्था को सभी बोर्ड परीक्षाओं में लागू किये जाने की तैयारी है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) के चैयरमेन डॉ वीपी यादव के मुताबिक मार्च 2025 में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की मार्किंग एआई के जरिए की जाएगी। नई व्यवस्था में सॉफ्टवेयर बताएगा कि कॉपी में लिखा उत्तर सही है या नहीं और इसी आधार पर मार्क्स भी दिए जाएंगे। आंसरशीट्स का मूल्यांकन एआई के जरिए किया जाएगा और टीचर्स से भी चेकिंग कराई जाएगी। इसके बाद दोनों में मार्किंग को कंपेयर किया जाएगा।
इस व्यवस्था में परीक्षाओं के बाद आंसर शीट्स को स्कैन किया जाएगा। सभी जिलों से टीचर्स की टीम इस काम को सब्जेक्ट वाइज पूरा करेंगी। फिर ऑनलाइन मार्किंग होगी। लिखे गए जवाबों पर मार्क्स भी सॉफ्टफेयर के जरिए दिए जाएंगे। इससे एक महीने से ज्यादा में होने वाला यह काम समय पर पूरा हो जाएगा।
ऑनलाइन मार्किंग के लिए टीचर्स की यूजर आईडी और पासवर्ड होगा, जिसके जरिए वह मूल्यांकन केंद्र पर ऑनलाइन कॉपी चेक करेंगे। आंसरशीट का मूल्यांकन कब शुरू किया और बंद हुआ, यह टाइम भी दर्ज होगा। साथ ही हर सवाल के नंबरों का कुल टोटल भी कॉपी चेक होने के बाद ऑटोमैटिक दर्ज होगा। इस दौरान कोई पेज छूट जाता है तो टीचर को फौरन इंडिकेशन मिल जाएगा।




Add comment