Edinbox Hindi

कड़े इंतज़ामों के बीच होगी बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा, पेपर लीक रोकने की पुख्ता प्लानिंग 

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर इस बार प्रशासन ने कड़ी तैयारी की है। केंद्रीय चयन (सिपाही भर्ती) पर्षद के अध्यक्ष के रूप में आईपीएस जितेंद्र कुमार ने इन तैयारियों को पुख्ता बनाने के लिए पहले से ही कमर कस रखी थी, जो धरातल पर भी नज़र आ रहा है। परीक्षा केंद्रों पर तो व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी ही, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष यत्न किये गए हैं।    

गौरतलब है कि बिहार पुलिस सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा 7, 11, 18, 21, 25 और 28 अगस्त 2024 को आयोजित की जा रही है। हजारों अभ्यर्थी इस परीक्षा में बैठेंगे। लिखित परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी। एकल पाली में 12:00 बजे मध्यान से 2:00 बजे अपराह्न तक लिखित परीक्षा होगी। छह पालियों में यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रत्येक दिन एक पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों पर सुबह साढ़े नौ बजे रिपोर्ट करना होगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह साढ़े 10 बजे बंद कर दिया जाएगा। प्रवेश से पूर्व उनकी DFMD/ HHMD तथा जिला पुलिस के प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों द्वारा चेकिंग की जाएगी।

अभ्यर्थियों की पहचान के लिए पर्षद द्वारा निर्गत ई-प्रवेश पत्र एवं उनके पहचान-पत्र (आधार कार्ड, मतदाता पहचान-पत्र आदि) के साथ ही प्रवेश की अनुमति होगी। परीक्षा कक्ष में उनके दोनों हाथों के अंगूठे का निशान, फोटो एवं शॉर्ट वीडियो लिये जाएंगे। जिनका उपयोग उनकी तत्समय पहचान तथा चयन के अगले चरणों में पहचान करने तथा पररूपधारण की संभावना को नकारने के लिए किया जाएगा। अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र में किसी प्रकार की लेखन सामग्री यथा पेन, पेन्सिल आदि तथा कोई अन्य वस्तु नहीं ले जा सकेंगे। ओएमआर शीट भरने एवं अन्य लेखन कार्य के लिए उन्हें पेन प्रश्न-पुस्तिका के साथ ही उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं प्रशासन की खास नजर परीक्षा केंद्र के आस–पास के फोटो-स्टेट की दुकानों, गेस्ट हाउस एवं कोचिंग सेंटर पर रहेगी। 

सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। राज्य के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक के स्तर से सभी जिला पदाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक कर उन्हें कड़ाई से स्वच्छ परीक्षा सम्पादन के लिए निदेशित किया गया है। साइबर थाना एवं आर्थिक अपराध इकाई के स्तर से सोशल मीडिया आदि पर परीक्षा से संबंधित निगरानी और संदिग्ध बातों अथवा व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। पर्षद द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर स्वच्छतापूर्ण परीक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएँ की गई हैं।

कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा संचालित कराने को लेकर किसी भी परीक्षा केंद्र पर कोई शिकायत मिलने पर उक्त केंद्र के केंद्राधीक्षक, विक्षक एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के विरुद्ध भी बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम अधिनियम 1981 के तहत कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छ व शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संचालन सुनिश्चित हो, इसको लेकर जिला नियंत्रण कक्ष जिला स्तर पर समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में स्थापित किया गया है। सिपाही परीक्षा को स्वच्छ व शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित कराने के लिए सभी केन्द्रों पर पांच सौ गज की परिधि में निषेधाज्ञा 144 लागू रहेगी। .

वही, कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संचालन को लेकर तेज-तर्रार अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। डीडीसी व वरीय पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय उक्त परीक्षा के संपूर्ण वरीय प्रभार में रहेंगे। कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के मद्देनजर तिथि वार पर्याप्त संख्या में स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। उड़नदस्ता दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed