
केरल में स्कूली छात्रों को अब अगली उच्च कक्षा में पदोन्नत होने के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम अंक प्राप्त करने होंगे। सरकार ने विभिन्न कक्षाओं में परीक्षाओं में “विषय न्यूनतम” यानी सब्जेक्ट मिनिमम प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया है ।
मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में शैक्षणिक मानकों को बेहतर बनाने के प्रयासों के तहत राज्य के पाठ्यक्रम का पालन करने वाले स्कूलों में नई प्रणाली को लागू करने को मंजूरी दी गई।
विजयन सरकार ने एक ऐसे वक़्त में स्कूलों में न्यूनतम अंक प्रणाली लागू करने का कदम उठाया है, जब राज्य के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और सभी छात्रों को उच्च कक्षाओं में पदोन्नत करने की प्रणाली की काफी आलोचनाहो रही थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि शैक्षणिक वर्ष 2024-25 में कक्षा 8 में, 2025-26 के दौरान कक्षा 8 और 9 में और शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के दौरान कक्षा 8, 9 और 10 में विषय न्यूनतम प्रणाली को लागू किया जाएगा।
बयान में कहा गया है कि शुरुआती कदम के तौर पर आम जनता की भागीदारी से कक्षा 1 से 10 तक के शैक्षणिक मानकों में सुधार के लिए एक कार्यक्रम तैयार किया जाएगा।
यह हाल ही में यहां आयोजित एक शैक्षिक सम्मेलन के दौरान सामने आई सिफारिशों को लागू करने की दिशा में पहला कदम है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली की गुणवत्ता में सुधार के लिए कार्यक्रम तैयार करना था।




Add comment