
UP Police Constable Admit Card: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। जो भी अभ्यर्थी 23 अगस्त को यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले हैं, वह ऑफिशियल वेबसाइट uppbpb.gov.in से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड पर परीक्षा की तारीख और समय, रिपोर्टिंग समय और परीक्षा सेंटर का विवरण लिखा है।
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 23 से 31 अगस्त 2024 के बीच होगी। यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा पहले फरवरी में हुई थी, लेकिन पेपर लीक हो जाने की वजह से इसे रद्द कर दिया गया था। इस बार परीक्षा केंद्रों पर काफी सख्ती बरती जाएगी। इसलिए यूपी पुलिस एडमिट कार्ड ले जाना न भूलें। इसके बिना किसी भी उम्मीदवार को एंट्री नहीं दी जाएगी। परीक्षा केंद्र में एंट्री के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ एक फोटो और पहचान पत्र भी लाना होगा।
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के जरिए 60244 रिक्त पदों पर कांस्टेबल की भर्ती की जाएगी। इसके लिए 45 लाख से ज्यादा आवेदन आए हैं। अभ्यर्थी यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा से जुड़े सभी लेटेस्ट अपडेट्स ऑफिशियल वेबसाइट uppbpb.gov.in पर चेक कर सकते हैं।
उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डीजी राजीव कृष्णा ने बताया कि लिखित परीक्षा का प्रवेश पत्र बोर्ड की वेबसाइट पर अलग-अलग तिथियों में अपलोड किया होगा। निर्धारित परीक्षा दिवस के सापेक्ष प्रवेश पत्र जारी होने की नियत तिथि से पूर्व किसी भी अन्य परीक्षा तिथियों के प्रवेश पत्र अपलोड नहीं किए जाएंगे।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपेक्षा की है कि वह अपनी परीक्षा तिथि के आधार पर प्रवेश पत्र जारी होने की अंकित तिथि को ही अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बता दें बोर्ड द्वारा 23 अगस्त को होने वाली परीक्षा का एडमिट कार्ड आज अपलोड कर दिया है। इसी तरह 24 अगस्त की परीक्षा का 21 अगस्त को, 25 अगस्त की परीक्षा का 22 अगस्त को, 30 अगस्त की परीक्षा का 27 अगस्त को और 31 अगस्त की परीक्षा का 28 अगस्त को एडमिट कार्ड अपलोड किया जाएगा।




Add comment