
बदलापुर में 2 स्कूली छात्राओं से यौन शोषण की वारदात के बाद अब महाराष्ट्र के अकोला में स्कूल में छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस मामले में आरोपी यहां के जिला परिषद स्कूल का शिक्षक है। शिक्षक पर छह छात्राओं को अश्लील वीडियो दिखाकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। छात्राओं की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
अकोला एसपी बच्चन सिंह ने बताया कि एक स्कूल की छह छात्राओं ने काजीखेड़ के शिक्षक 47 वर्षीय प्रमोद मनोहर सरकार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिक्षक छात्राओं से छेड़छाड़ करता था। साथ ही अश्लील वीडियो दिखाता था। पुलिस ने तत्काल शिकायत दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पीड़ित छात्राओं के बयान दर्ज किए गए हैं। आरोपी शिक्षक के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 व 75 और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच की जा रही है।
बता दें कि मंगलवार को ठाणे के बदलापुर में भी एक स्कूल में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के बाद जमकर बवाल हुआ था। स्कूल के अटेंडेंट पर किंडरगार्टन में पढ़ रहीं तीन और चार साल की दो बच्चियों से उत्पीड़न का आरोप था। बच्चियों के परिजनों की तरफ से दी गई शिकायत के मुताबिक, अटेंडेंट ने लड़कियों का स्कूल के टॉयलेट में ही उत्पीड़न किया था।




Add comment