
उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के पहले पेपर लीक होने की अफवाह फैलाने पर सपा नेताओं सहित कई पर एफआईआर दर्ज करवाई गई है। इन लोगों ने टेलीग्राम से संदेश प्रसारित किया और क्यूआर कोड भेजकर रकम मांगी थी। टेलीग्राम चैनल पर इस तरह के मैसेज प्रसारित करने वाले 7 लोगों को खिलाफ पुलिस भर्ती बोर्ड ने हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।
भर्ती को लेकर एक्स पर असत्य और अपमानजनक पोस्ट पर सपा के पूर्व मंत्री यासर शाह को आरोपी बनाया गया है। भर्ती बोर्ड मीडिया सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर सतेंद्र कुमार की तहरीर पर दर्ज केस में बताया गया है कि कुछ शरारती तत्व सोशल मीडिया पर पेपर लीक होने की अफवाह फैला रहे हैं। अभ्यर्थियों को धोखा देकर उनसे ठगी की कोशिश कर रहे हैं।
टेलीग्राम पर चल रहे चैनल @upp paper leak 2024, @VENOM व PROOF OF STUDENT के अलावा आदित्य तोमर के टेलीग्राम अकाउंट के जरिये फर्जी प्रश्नों को वायरल कर क्यूआर कोड भेजकर रुपयों की मांग की जा रही है। कई अन्य टेलीग्राम अकाउंट से भी यह फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर टीमों को मामले की तफ्तीश में लगाया है।
फर्जी पेपर लीक भेजकर जिनकी यूपीआई आईडी रुपये लेने के लिए भेजी गई है, उनको भी केस में आरोपी बनाया गया है। इसमें शोएब नबी सोफी, हरीश कुमार भगत, मनु कुमार, कपिल और सिद्घार्थ गुप्ता शामिल हैं। डिलाइट इंटरप्राइजेज फर्म का भी क्यूआर कोड शेयर किया गया है। बैंक डिटेल की मदद से पुलिस इन सभी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अफसरों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। बिना किसी संदेह के परीक्षा में शामिल हों। अगर कोई भी शख्स उनसे पेपर लीक आदि की बात कहकर संपर्क कर रकम मांगे तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस, एसटीएफ समेत कई एजेंसियां लगाई गई हैं। सोशल मीडिया की भी निगरानी की जा रही है जिससे अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती का री-एग्जाम 23 अगस्त से 31 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है। यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त तक उत्तर प्रदेश के 67 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रत्येक दिन दो पालियों में होगी: शिफ्ट 1 सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शिफ्ट 2 दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक।




Add comment