
भारतीय प्रबंधन संस्थान, कलकत्ता (IIM Calcutta) ने CAT 2024 परीक्षा के पंजीकरण को लेकर उम्मीदवारों को धोखाधड़ी वाली वेबसाइट के बारे में चेतावनी जारी की है। गौरतलब है कि इस वर्ष संयुक्त प्रवेश परीक्षा (CAT) का आयोजन भारतीय प्रबंधन संस्थान कलकत्ता (आईआईएम) द्वारा किया जा रहा है। आईआईएम कलकत्ता ने कहा है कि उम्मीदवारों को सभी अपडेट के लिए केवल CAT की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करना चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि उनकी व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रहे।
आधिकारिक नोटिस में संस्थान ने उम्मीदवारों से कैट पंजीकरण के लिए खुद को आधिकारिक वेबसाइट बताने वाली फर्जी वेबसाइट्स से सावधान रहने को कहा है। आधिकारिक नोटिस में इस बात पर जोर दिया गया है कि CAT 2024 के लिए एकमात्र प्रामाणिक वेबसाइट iimcat.ac.in है, और CAT से जुड़े होने का दावा करने वाली कोई भी अन्य वेबसाइट फर्जी है। वैध CAT 2024 वेबसाइट पर आधिकारिक अधिसूचना इस बात पर जोर देती है कि कॉमन एडमिशन टेस्ट के लिए विज्ञापन विभिन्न भाषाओं के कई समाचार पत्रों में प्रकाशित किए गए हैं, लेकिन केवल आधिकारिक CAT वेबसाइट पर दी गई जानकारी को ही अंतिम माना जाना चाहिए।
आधिकारिक विज्ञप्ति में सलाह दी गई है, “CAT को एक धोखाधड़ी वाली वेबसाइट के बारे में सचेत किया गया है, जो स्वयं को CAT पंजीकरण के लिए आधिकारिक मंच के रूप में प्रस्तुत कर रही है और आवेदकों से व्यक्तिगत जानकारी एकत्र करने का प्रयास कर रही है। लिहाजा, हम सभी आवेदकों और हितधारकों से आग्रह करते हैं कि वे सतर्क रहें और केवल हमारी आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं तथा आधिकारिक CAT वेबसाइट से मिलती-जुलती फ़ार्मिंग/फ़िशिंग में संलग्न नकली या दुर्भावनापूर्ण वेबसाइटों का शिकार न बनें।”
आईआईएम कलकत्ता ने उम्मीदवारों को आवेदन पत्र भरते समय स्वयं की सुरक्षा के लिए कुछ बातों बतों का ध्यान रखने की सलाह दी है। कहा गया है कि आधिकारिक CAT वेबसाइट की पहचान करने के लिए हमेशा यूआरएल की जांच करें। व्यक्तिगत जानकारी या पैसा मांगने वाली असुरक्षित वेबसाइटों से सावधान रहें। संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट अवश्य करें। यदि आपको CAT 2024 से संबद्ध होने का दावा करने वाली कोई संदिग्ध वेबसाइट दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत CAT हेल्पडेस्क को cat2024_helpdesk@iimcal.ac.in पर दें।
कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) 2024 के लिए रजिस्ट्रेशन अभी खुले हैं और 13 सितंबर 2024 को बंद हो जाएंगे। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इस साल, IIM कलकत्ता 24 नवंबर को 170 शहरों में परीक्षा आयोजित करेगा, जिसके एडमिट कार्ड 5 नवंबर को जारी किए जाएंगे। CAT स्कोर को लगभग 21 IIM और 1,000 से अधिक अन्य MBA संस्थान अपने कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए स्वीकार करते हैं।




Add comment