Edinbox Hindi

कोलकाता घटना पर डॉक्टर्स का विरोध-प्रदर्शन जारी; असम ने स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के लिए जारी किए आदेश

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में विरोध-प्रदर्शन जारी है। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और एम्स दिल्ली के वरिष्ठ रेजीडेंट डॉक्टर्स ने आज दिल्ली के जंतर मंतर पर कोलकाता की घटना के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। 

वहीं, कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना के विरोध में जब बीती रात रविंद्र भारती विश्वविद्यालय के पास कुछ लोग विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे तो एक बाइक सवार व्यक्ति विरोध क्षेत्र में घुस गया। बाइक सवार की बाइक पर पुलिस का स्टीकर लगा था। बाइकर के धरना क्षेत्र में आने से बाधा उत्पन्न हुई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने धरना क्षेत्र में घुसने वाले बाइक सवार व्यक्ति को आराम से जाने दिया। प्रदर्शनकारियों ने बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर हंगामा किया। शनिवार को कोलकाता के उत्तरी हिस्से के मुख्य सड़क को पांच घंटों के लिए अवरुद्ध किया गया।

इस बीच, कोलकाता की घटना को देखते हुए असम सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा को लेकर आदेश जारी किए हैं। सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे डॉक्टर्स और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएं और राज्य के सभी अस्पतालों में सुरक्षा के लिए तुरंत कदम उठाए जाने चाहिए। 

वहीं, भारत के सर्वोच्च न्यायालय का जिला न्यायपालिका का छह सत्रों वाला दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शनिवार से शुरू हुआ। इसके उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के खिलाफ अपराध और बच्चों की सुरक्षा पर भी प्रतिक्रिया दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामलों में जितनी तेजी से न्याय मिलेगा, उतनी जल्दी आधी आबादी को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed