
गोरखपुर यूनिवर्सिटी की समाजशास्त्र विभाग की प्रो. कीर्ति पांडेय को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बीते वर्ष शासन ने प्रदेश में बेसिक से लेकर एडेड माध्यमिक एवं महाविद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए इस आयोग का गठन किया था। अभी इस पद पर प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल कार्यवाहक के रूप में कार्यरत थे।
इस नए आयोग का अधिनियम 23 अगस्त 2023 को बना था। इस आयोग में सृजित सभी 12 पदों पर सदस्यों का चयन 14 मार्च 2024 को हुआ। उसके अगले ही दिन 15 मार्च को सभी सदस्यों ने लखनऊ में प्रुमख सचिव उच्च शिक्षा के कार्यालय में कार्यभार ग्रहण किया था। लखनऊ में कार्यभार इसलिए ग्रहण किया था, क्योंकि प्रयागराज में बना आयोग का मुख्यालय क्रियाशील नहीं था। लेकिन सही अभ्यर्थी न मिलने के कारण दोबारा अध्यक्ष पद के लिए आवेदन मांगे गए थे।
इसके साथ ही प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा को 20 मार्च को आयोग का कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया था। इस आयोग ने प्रयगागराज में कामकाज शुरू कर दिया था साथ ही पिछले दिनों सचिव पद पर भी तैनाती की जा चुकी है। हालांकि, नियमित अध्यक्ष की तैनाती न होने से नियुक्ति प्रक्रिया नहीं शुरू हो रही थी। अब पहले से माध्यमिक व उच्च शिक्षा विभाग में लंबित लगभग 20 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया गति पकड़ेगी।
बता दें कि प्रदेश में एकीकृत शिक्षक भर्ती के लिए इस आयोग का गठन किया गया है। अभी तक शिक्षक भर्तियां माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड व उच्च शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से अलग-अलग हो रही थीं। अब भर्ती प्रक्रिया इस आयोग के माध्यम से होंगी।




Add comment