
बिहार में तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा के रिजल्ट को लेकर अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। बिहार लोक सेवा आयोग शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम सरकार के रोस्टर पूरा न होने के कारण अब तक जारी नहीं हो पाया है। दरअसल, भर्ती परीक्षा का विज्ञापन नए रोस्टर के हिसाब से निकाला गया था जिसमें 65 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया था। जबकि बिहार सरकार द्वारा बीसी, ईबीसी और एससी-एसटी के लिए आरक्षण की सीमा बढ़ाकर 65 फीसदी करने के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था। इसके चलते अब 50% रिजर्वेशन के आधार पर तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा का रिजल्ट तैयार किया जाएगा। 50% आरक्षण रोस्टर की वजह से रिजल्ट जारी किए जाने में देरी हो रही है। शिक्षा विभाग ने जिलों से रोस्टर क्लियरेंस मांगा है। जिलों से क्लियरेंस मिलने के बाद विभाग इसे सामान्य प्रशासन विभाग को भेजेगा जिसे समान्य प्रशासन विभाग बिहार लोक सेवा आयोग को भेजेगा।
वैसे आरक्षण का मामला अभी भी न्यायालय में लंबित है, इसलिए स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो पा रही है। यही वजह है कि बिहार लोक सेवा आयोग भी इस मामले में सरकार के स्पष्ट आदेश न आने तक परिणाम जारी करने की पहल नहीं करेगा। हां, आयोग ने तीसरे चरण की सभी परीक्षाओं का मॉडल उत्तर ज़रूर जारी कर दिया है। माना जा रहा है कि इस माह के अंत तक या अगले माह के पहले सप्ताह तक परिणाम जारी किया जा सकता है। बता दें कि इस दौरान 87774 पदों पर नियुक्ति की जानी है।
बहरहाल, परीक्षा में सम्मिलित होने वाले वे परीक्षार्थी जिन्हें आयोग के मॉडल उत्तर से आपत्ति है, वे साक्ष्य और सही तथ्य के आधार पर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आयोग ने कक्षा 1 से 12 तक का मॉडल उत्तर अपलोड कर दिया है। परीक्षार्थी 9-14 सितंबर तक आपत्ति दर्ज कर सकेंगे।




Add comment