
नीट एमडीएस 2024 (NEET MDS 2024) परीक्षा देने वालों के लिए बड़ी खबर है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी कैटेगरी के लिए मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा की क्वॉलिफाइंग कटऑफ पर्सेंटाइल को आधिकारिक तौर पर घटा दिया है। यह प्रतिशत घटाने का उद्देश्य आगामी एमडीएस काउंसलिंग प्रक्रिया में अधिकांश सीटों को भरना है। जल्द ही नेशनल बोर्ड बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) नीट एमडीएस का रिवाइज्ड रिजल्ट जारी करेगा।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी कैटेगरी- सामान्य, एससी, एसटी, ओबीसी और यूआर-पीडब्ल्यूडी के लिए NEET MDS 2024 का क्वॉलिफाइंग कटऑफ 21.692 पर्सेंटाइल कम कर दिया है। इसके बाद अब जनरल और EWS कैटेगरी का कटऑफ 50 पर्सेंटाइल से कम होकर 28.308 पर्सेंटाइल हो गया है। इसी तरह एससी/एसटी/ओबीसी (एसससी/एसटी/ओबीसी के दिव्यांग उम्मीदवारों सहित) का कटऑफ 40 पर्सेंटाइल से घटाकर 18.308 हो गया है। वहीं अनारक्षित वर्ग के दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए अब क्वॉलिफाइंग कटऑफ 45 पर्सेंटाइल से घटकर 23.308 पर्सेंटाइल हो गया है।
इसे लेकर जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि NEET MDS 2024 का कटऑफ संशोधित करने के बाद रिवाइज्ड रिजल्ट जल्द ही जारी किया जाएगा। नेशनल बोर्ड बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने नीट एमडीएस का रिजल्ट तीन अप्रैल को जारी किया था जबकि परीक्षा का आयोजन 18 मार्च को किया गया था। नीट एमडीएस काउंसलिंग 1 जुलाई से 14 सितंबर तक हुई थी जबकि, पीजी कोर्सेज के लिए एकेडमिक सेशन की शुरुआत 1 अगस्त को हुई थी। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने हाल ही में नीट एमडीएस स्ट्रे वैकेंसी राउंड काउंसलिंग 2024 का फाइनल रिजल्ट जारी किया था जिसमें कुल 15487 स्टूडेंट्स क्वॉलिफाई किए गए थे।




Add comment